नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। दिल्ली में आयोजित AI इम्पैक्ट समिट के दौरान हुए शर्टलेस प्रदर्शन के मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है। दिल्ली पुलिस ने Uday Bhanu Chib को गिरफ्तार कर लिया है। वह इंडियन यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। कांग्रेस के एक सांसद के मुताबिक, मंगलवार सुबह करीब 4:30 बजे पुलिस ने उदय भानु चिब को गिरफ्तार किया। उन्हें तिलक मार्ग थाने में रखा गया है। थाने के बाहर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और सीआरपीएफ तथा दिल्ली पुलिस के जवान तैनात हैं। हालांकि, इस मामले में अभी तक दिल्ली पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
20 घंटे की पूछताछ के बाद कार्रवाई
गिरफ्तारी से पहले दिल्ली पुलिस ने उदय भानु चिब को हिरासत में लेकर करीब 20 घंटे तक पूछताछ की। इसके बाद उन्हें औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया गया। कांग्रेस नेताओं ने इस कार्रवाई को राजनीतिक बदले की भावना से प्रेरित बताया है। तिरुवल्लुर से सांसद Sasikanth Senthil ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर कहा कि 20 घंटे से ज्यादा पूछताछ के बाद सुबह 4 बजे गिरफ्तारी की गई। उन्होंने कहा कि उन्हें उदय भानु और यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं पर गर्व है और युवाओं के मुद्दों पर लड़ाई जारी रहेगी।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, दिल्ली के Bharat Mandapam में आयोजित इंडिया-AI इम्पैक्ट समिट के दौरान इंडियन यूथ कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ताओं ने शर्टलेस होकर प्रदर्शन किया था। प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री के खिलाफ नारे लगाए गए और भारत-अमेरिका व्यापार समझौते का विरोध किया गया। पुलिस ने मौके पर ही प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया था और तिलक मार्ग थाने में एफआईआर दर्ज की गई।
पहले पांच आरोपी भी हो चुके हैं गिरफ्तार
इस मामले में पहले ही पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें इंडियन यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता शामिल हैं. कृष्णा हरि (बिहार), कुंदन यादव (बिहार), अजय कुमार (उत्तर प्रदेश), नरसिम्हा यादव (तेलंगाना), जितेंद्र यादव (ग्वालियर, मध्य प्रदेश) पुलिस ने आरोपियों पर आपराधिक षड्यंत्र, लोक सेवक को चोट पहुंचाने, सरकारी काम में बाधा डालने, अवैध सभा और साझा इरादे जैसी गंभीर धाराएं लगाई हैं। पुलिस अब इस मामले में व्यापक साजिश के एंगल से भी जांच कर रही है और अन्य प्रदर्शनकारियों की तलाश जारी है।





