नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने अचारपुरा गांव में किसानों के बीच ‘खाट पंचायत’ लगाकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला और भारतीय किसानों की कर्ज़ और फसल घाटे की स्थिति को उजागर किया। इस दौरान उन्होंने अपने पिता को लाइव कॉल करके खेती के जमीनी हालात भी सामने रखे।
”सिर्फ खाद और बीज का पैसा मुनाफा नहीं”
पटवारी ने पिता से पूछा कि आलू का भाव क्या है। पिता ने कहा, 9 रुपये किलो है, इसमें तो सिर्फ खाद और बीज का पैसा निकलता है, मुनाफा नहीं। उन्होंने गेहूं की खराब स्थिति का भी जिक्र किया, बताया कि बारिश के चलते फसल नीचे गिर गई है। पटवारी ने कहा कि जब मेरे 90 बीघा जमीन पर भी खेती घाटे का सौदा है, तो छोटे किसानों का क्या हाल होगा। भाजपा ने किसानों को खून के आंसू रुलाया है।
”भारतीय किसानों की सुरक्षा की अनदेखी की”
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिका के साथ हुए ट्रेड डील में भारतीय किसानों की आर्थिक हत्या कर दी। जीतू पटवारी ने कहा कि PM मोदी ने डोनाल्ड ट्रंप के सामने देश का बाजार खोल दिया और भारतीय किसानों की सुरक्षा की अनदेखी की।
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान पर भी निशाना साधा
पटवारी ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान पर भी निशाना साधा। उनका आरोप था कि शिवराज किसानों की फसल को MSP पर खरीदने में पूरी तरह विफल रहे हैं।
पूरे प्रदेश से हजारों किसान इस प्रदर्शन में पहुंचेंगे
कांग्रेस अध्यक्ष ने किसानों को चेताया कि ट्रेड डील के खिलाफ आवाज उठाना और MSP की कानूनी गारंटी मांगना जरूरी है। इस पर 24 फरवरी को भोपाल के जवाहर चौक पर बड़ा किसान महाचौपाल और शक्ति प्रदर्शन आयोजित किया जा रहा है, जिसमें प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी शामिल होंगे। कांग्रेस का दावा है कि पूरे प्रदेश से हजारों किसान इस प्रदर्शन में पहुंचेंगे।
जीतू पटवारी ने कहा कि उनका मकसद किसानों को सच्चाई दिखाना और उनकी फसल घाटे से बचाना है। उन्होंने कहा कि कृषि और किसान की सुरक्षा के बिना देश की अर्थव्यवस्था मजबूत नहीं हो सकती।





