नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। देश की राजधानी दिल्ली में संभावित आतंकी हमले को लेकर सुरक्षा एजेंसियों ने हाई अलर्ट जारी किया है। खुफिया सूत्रों के मुताबिक आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के सदस्य दिल्ली में धमाके की साजिश रच रहे हैं। सूत्रों का कहना है कि आतंकियों के निशाने पर ऐतिहासिक लाल किला और चांदनी चौक स्थित एक प्रमुख मंदिर हो सकता है।
लाल किला और चांदनी चौक के मंदिर निशाने पर
एजेंसियों को इनपुट मिला है कि आतंकियों के निशाने पर ऐतिहासिक लाल किला और चांदनी चौक स्थित प्रमुख मंदिर हैं। बताया जा रहा है कि लाल किले के सामने IED (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) से धमाका करने की साजिश रची जा सकती है। इसके अलावा भीड़भाड़ वाले धार्मिक स्थलों को भी टारगेट बनाया जा सकता है।
बदले की मंशा से साजिश की आशंका
सूत्रों के अनुसार, 6 फरवरी को इस्लामाबाद की एक मस्जिद में हुए विस्फोट के बाद बदले की भावना से भारत में बड़ी आतंकी वारदात को अंजाम देने की योजना बनाई जा रही है। हालांकि इस इनपुट की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं। अलर्ट के बाद दिल्ली में प्रमुख पर्यटन स्थलों, धार्मिक स्थानों और भीड़भाड़ वाले बाजारों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। लाल किले और चांदनी चौक इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरों की निगरानी बढ़ा दी गई है और चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
10 नवंबर 2025 की घटना अभी भी ताजा
गौरतलब है कि 10 नवंबर 2025 को लाल किले के पास एक बड़ा धमाका हुआ था। जांच में सामने आया था कि धमाका एक कार में हुआ था, जो करीब तीन घंटे तक पार्किंग में खड़ी रही थी। इस घटना में कई लोग घायल हुए थे और कुछ की मौत भी हुई थी। उस घटना के बाद से ही लाल किले और आसपास के इलाकों को संवेदनशील माना जाता है।
लोगों से सतर्क रहने की अपील
सुरक्षा एजेंसियों ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की सूचना तुरंत पुलिस को दें। अफवाहों पर ध्यान न दें। भीड़भाड़ वाले इलाकों में सतर्क रहें। फिलहाल दिल्ली में स्थिति सामान्य है, लेकिन एहतियात के तौर पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।





