नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान इंडियन यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने टी-शर्ट उतारकर विरोध जताया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ नारे लगाए। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पांच प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया। उनसे पूछताछ की जा रही है।
भारत-अमेरिका ट्रेड डील के विरोध में प्रदर्शन
यूथ कांग्रेस का कहना है कि वह भारत-अमेरिका के बीच प्रस्तावित ट्रेड डील का विरोध कर रही है। संगठन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर केंद्र सरकार की विदेश नीति पर सवाल उठाए। पोस्ट में कहा गया कि देश की अस्मिता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और इसी मुद्दे को उठाने के लिए कार्यकर्ता एआई समिट में पहुंचे थे।
बीजेपी ने बताया शर्मनाक
भारतीय जनता पार्टी ने इस प्रदर्शन को शर्मनाक बताया है। पार्टी प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कहा कि इस तरह का विरोध देश की छवि को नुकसान पहुंचाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस देश के खिलाफ खड़ी नजर आ रही है। बीजेपी ने इसे विपक्ष की गैर-जिम्मेदाराना राजनीति बताया है।
दिल्ली पुलिस करेगी कानूनी कार्रवाई
दिल्ली पुलिस ने कहा है कि मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि प्रदर्शनकारी कार्यक्रम स्थल के अंदर कैसे पहुंचे। केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने जानकारी दी है कि भारत और अमेरिका के बीच अंतरिम ट्रेड एग्रीमेंट मार्च में साइन हो सकता है और अप्रैल में लागू होने की संभावना है। उन्होंने यह भी बताया कि यूके, ओमान और न्यूजीलैंड के साथ भी भारत के फ्री ट्रेड एग्रीमेंट पर काम चल रहा है। फिलहाल, एआई समिट के दौरान हुए इस प्रदर्शन के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है और दोनों पक्ष एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे हैं।





