नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के मशहूर गायक और अभिनेता पवन सिंह के नाम पर 14 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ लोगों ने बड़े म्यूजिकल शो में पवन सिंह को बुलाने का भरोसा दिलाकर एक कलाकार से मोटी रकम ले ली।
क्या है पूरा मामला?
अमेठी जिले के गजनपुर गांव निवासी दिव्यांश सिंह उर्फ कबीर पेशे से म्यूजिक कलाकार हैं। वह लखनऊ में रहकर क्लब, रेस्टोरेंट और अन्य कार्यक्रमों में गिटार बजाने के साथ म्यूजिकल बैंड शो आयोजित करते हैं। एक कार्यक्रम के दौरान उनकी मुलाकात मोहम्मद खर्शीद अहमद और टीना नाम के लोगों से हुई। बातचीत के दौरान बड़े स्तर का म्यूजिक शो आयोजित करने की योजना बनी, जिसमें पवन सिंह को मुख्य आकर्षण के रूप में बुलाने की बात तय हुई।
31 दिसंबर 2024 को तय था कार्यक्रम
दिव्यांश ने अपने परिचित निहाल सिंह से संपर्क किया। निहाल ने दावा किया कि उसके पड़ोसी निशांत सिंह, नितिन सिंह और अमन सिंह का पवन सिंह से सीधा संपर्क है। आरोपियों ने बताया कि पूरे शो का खर्च करीब 14 लाख रुपये आएगा और कार्यक्रम की तारीख 31 दिसंबर 2024 तय कर दी गई। पीड़ित के अनुसार, भरोसा दिलाने के बाद आरोपियों ने एडवांस के रूप में 9 लाख रुपये निहाल सिंह की मां के बैंक खाते में ट्रांसफर करवा लिए। इसके बाद प्रचार, टेंट, मंच और अन्य तैयारियों के नाम पर करीब 5 लाख 1 हजार रुपये और ले लिए गए। जब दिव्यांश ने पवन सिंह की टीम से संपर्क किया तो उनके मैनेजर ने ऐसे किसी शो या बुकिंग से इनकार कर दिया। इसके बाद आरोपियों के मोबाइल फोन बंद हो गए। यहीं से ठगी का शक पुख्ता हो गया।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
दिव्यांश ने मामले की शिकायत एसएसपी से की। इसके बाद अतरौलिया थाने में निहाल सिंह समेत चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया। अपर पुलिस अधीक्षक मधुबन कुमार सिंह ने बताया कि कार्यक्रम के नाम पर 14 लाख रुपये लिए गए, लेकिन बुकिंग नहीं कराई गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इस मामले में पवन सिंह या उनकी टीम की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी बड़े कार्यक्रम से पहले आधिकारिक माध्यम से जानकारी की पुष्टि जरूर करें।





