नई दिल्ली, रफ्तार न्यूज डेस्क। अडानी-हिंडनबर्ग मामला एक बार फिर चर्चा में है। कांग्रेस ने गुरुवार (1 जून) को केंद्र सरकार पर हमला बोला। कांग्रेस पार्टी के महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि वे इस मामले पर पीएम नरेंद्र मोदी से लगातार सवाल कर रहे हैं, लेकिन पीएम इस पर कोई जवाब नहीं दे रहे।
कांग्रेस का पीएम मोदी पर हमला
कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा कि कांग्रेस ने अडानी मामले पर 100 सवालों से जुड़ी एक बुक लॉन्च की है। उन्होंने कहा इसमें वो सवाल हैं जो कि विपक्ष ने इस मुद्दे पर फरवरी से अब तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से पूछे हैं। उन्होंने आगे कहा, ”अडानी-हिंडनबर्ग मुद्दे पर JPC की मांग से भाजपा और PM मोदी नहीं बच सकते हैं। जेपीसी से जांच की मांग हम नए संसद भवन में होने वाले मानसून सत्र में भी उठाएंगे।”
क्या है पूरा मामला?
अमेरिका की एक संस्था ‘हिंडनबर्ग रिसर्च’ की कुछ महीने पहले आई एक रिपोर्ट में अडानी समूह पर वित्तीय अनियमितता का आरोप लगाया गया था। इसके बाद से कांग्रेस समेत पूरा विपक्ष लगातार इस मामले को उठाते हुए जेपीसी से जांच की मांग कर रहा है। वहीं अडानी समूह ने इन सभी आरोपों का खंडन किया है।
हंगामें की भेंट चढ़ गया था बजट सत्र
बता दें कि संसद के बजट सत्र के दौरान एक तरफ अडानी-हिंडनबर्ग मामले को लेकर विपक्षी दलों ने जेपीसी जांच की मांग की थी तो वहीं दूसरी तरफ सरकार राहुल गांधी के लंदन में दिए गए बयान को लेकर माफी की मांग पर अड़ी हुई थी।




