नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। अगर आप छोटी-छोटी बचत से बड़ा फंड तैयार करना चाहते हैं और निवेश में किसी तरह का जोखिम नहीं लेना चाहते, तो भारतीय डाक की रिकरिंग डिपॉजिट (RD) स्कीम आपके लिए दमदार विकल्प साबित हो सकती है। सरकारी गारंटी, तय ब्याज और लोन की सुविधा इन तीन बड़ी खूबियों के कारण यह स्कीम आम निवेशकों की पहली पसंद बनती जा रही है।
पोस्ट ऑफिस RD
फिलहाल पोस्ट ऑफिस रिकरिंग डिपॉजिट पर 6.7% सालाना ब्याज दिया जा रहा है। इस योजना की मैच्योरिटी अवधि 5 साल है, जिसे आगे 5-5 साल के लिए बढ़ाया भी जा सकता है। सबसे खास बात यह है कि इसमें निवेश की शुरुआत मात्र 100रुपए प्रति माह से की जा सकती है। 18 वर्ष या उससे अधिक उम्र का कोई भी व्यक्ति खाता खुलवा सकता है। बच्चों के नाम से भी खाता खोला जा सकता है, जिसे अभिभावक संचालित करते हैं।
हर महीने RD में निवेश करने पर मिलेगा इतना रुपया
अब समझिए गणित अगर आप रोजाना 333रुपए बचाते हैं, तो महीने में लगभग 10,000 रुपए की रकम जमा हो जाती है। यही 10,000रुपए हर महीने RD में निवेश करने पर 5 साल में कुल 6,00,000 जमा होंगे। 6.7% ब्याज दर के हिसाब से करीब 1,13,659 का ब्याज मिलेगा और मैच्योरिटी पर कुल फंड लगभग 7,13,659 हो जाएगा।
अगर आप इस निवेश को अगले 5 साल और जारी रखते हैं, तो 10 साल में कुल जमा राशि 12,00,000 लाख हो जाएगी। ब्याज मिलाकर कुल फंड करीब 17,08,546लाख तक पहुंच सकता है। यानी नियमित अनुशासित बचत से 10 साल में ₹17 लाख से ज्यादा का मजबूत और सुरक्षित फंड तैयार किया जा सकता है। इस अवधि में केवल ब्याज से ही 5 लाख से ज्यादा की कमाई संभव है।
इस स्कीम की बड़ी खासियत है लोन सुविधा
इस स्कीम की एक और बड़ी खासियत है लोन सुविधा। खाता कम से कम 1 साल पुराना होने पर जमा राशि का 50% तक लोन लिया जा सकता है। लोन पर केवल 2% अतिरिक्त ब्याज देना होता है। जरूरत पड़ने पर 3 साल बाद प्री-मैच्योर क्लोजर की सुविधा भी उपलब्ध है। खाताधारक की मृत्यु की स्थिति में नॉमिनी राशि क्लेम कर सकता है या खाते को जारी भी रख सकता है।
कम जोखिम में सुरक्षित निवेश
यह स्कीम खास तौर पर नौकरीपेशा लोगों, रिटायरमेंट की प्लानिंग करने वालों, बच्चों की पढ़ाई या शादी के लिए फंड बनाने वाले माता-पिता और कम जोखिम में सुरक्षित निवेश चाहने वाले निवेशकों के लिए फायदेमंद है।
भविष्य के लिए बड़ा और सुरक्षित फंड
अगर आप भी रोजमर्रा के खर्चों में से केवल 333 रुपए बचाकर
भविष्य के लिए बड़ा और सुरक्षित फंड बनाना चाहते हैं, तो पोस्ट ऑफिस RD स्कीम पर जरूर विचार कर सकते हैं। हालांकि, निवेश से पहले ब्याज दर और नियमों की ताजा जानकारी के लिए नजदीकी पोस्ट ऑफिस या आधिकारिक स्रोत से पुष्टि करना बेहतर रहेगा।





