नई दिल्ली /रफ्तार डेस्क । राजधानी दिल्ली और एनसीआर में बढ़ती गर्माहट के बीच मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, फरवरी के तीसरे हफ्ते में हल्की बारिश दस्तक दे सकती है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज होने की संभावना है।
मौसम विभाग के मुताबिक 16 से 21 फरवरी के बीच मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा, जबकि 18 फरवरी को हल्की बारिश होने के आसार हैं। इससे पहले भी 17 और 18 फरवरी के लिए बारिश की संभावना जताई गई थी, जिसे अब विभाग ने पुष्टि के साथ दोहराया है। बारिश के बाद दिन और रात के तापमान में हल्की कमी आ सकती है। अनुमान है कि अधिकतम तापमान 28 से 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 13 से 14 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।
16 फरवरी को धुंध और उमस का रहेगा मिला-जुला असर
राजधानी में 16 फरवरी को मौसम का मिजाज थोड़ा बदला हुआ नजर आ सकता है। मौसम विभाग के अनुसार दिन की शुरुआत हल्की धुंध के साथ होने की संभावना है, जिससे सुबह के समय दृश्यता पर असर पड़ सकता है। तापमान की बात करें तो अधिकतम पारा लगभग 28 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। सुबह 8:30 बजे सापेक्ष आर्द्रता 89 प्रतिशत दर्ज की गई, जो शाम 5:30 बजे घटकर 45 प्रतिशत तक आ गई, यानी दिन चढ़ने के साथ नमी में कमी देखी गई। इसके अलावा हवाओं की रफ्तार भी तेज हुई है और यह लगभग 19 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई, जिससे मौसम में हल्की ठंडक का एहसास बना रह सकता है।
21 फरवरी तक मौसम रहेगा संतुलित
राजधानी में 16 से 21 फरवरी के दौरान मौसम अपेक्षाकृत स्थिर रहने की संभावना है। इस अवधि में तापमान में किसी बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं, हालांकि 18 फरवरी को संभावित बारिश के बाद दिन के पारे में हल्की गिरावट दर्ज की जा सकती है। बारिश से पहले अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है, लेकिन बारिश के बाद यह घटकर लगभग 28 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। वहीं रात का तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे बने रहने की संभावना है, जिससे सुबह और देर रात हल्की ठंड का एहसास जारी रहेगा। कुल मिलाकर, सप्ताह के अंत तक मौसम में मामूली उतार-चढ़ाव के साथ हल्की ठंडक बनी रह सकती है।
प्रदूषण फिर ‘खराब’ स्तर पर
राजधानी के लोगों को फिलहाल प्रदूषित हवा से राहत मिलती नजर नहीं आ रही है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के ताजा आंकड़े बताते हैं कि दिल्ली की हवा में प्रदूषण का स्तर सामान्य मानकों से करीब दोगुना बना हुआ है। सीपीसीबी के अनुसार रविवार को राजधानी का एक्यूआई 216 दर्ज किया गया, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है। सोमवार को एक्यूआई 294 दर्ज किया गया, जो लगातार ‘खराब’ श्रेणी में दर्ज किया गया। अनुमान है कि अगले दो दिनों तक एयर क्वालिटी इसी स्तर के आसपास बनी रह सकती है।
सीपीसीबी के मानकों के मुताबिक 0 से 50 के बीच एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) को ‘अच्छा’, 51 से 100 ‘संतोषजनक’ और 101 से 200 ‘मध्यम’ श्रेणी में रखा जाता है। वहीं 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 ‘बेहद खराब’ और 401 से 500 के स्तर को ‘गंभीर’ माना जाता है।
इधर, तेज रफ्तार हवाओं के चलते दिन में धूप खिलने के बावजूद हल्की ठंडक का अहसास बना हुआ है। मौसम में यह बदलाव संकेत दे रहा है कि सर्दी जाते-जाते एक बार फिर अपना असर दिखा सकती है।





