भागलपुर, एजेंसी। बिहार में ग्रेजुएट चाय वाली एक समय काफी चर्चा में रही। उन्होंने अखबार और सोशल मीडिया पर भी जमकर सुर्खियां बटोरी। इन दिनों भागलपुर में भी करोड़पति टी स्टॉल काफी चर्चे में है। भागलपुर के एक नौजवान ने अपने दुकान का नाम करोड़पति चाय वाला रखा है। विशेष बात यह है कि दुकान का नाम तो करोड़पति चाय है, लेकिन छोटी से रेहड़ी पर चल रहे दुकान पर अधिकतर मध्यम वर्गीय के लोग चाय पीने आते हैं। यह चाय की रेहड़ी तिलकामांझी चौक से करीब 100 मीटर दूरी पर है। इसकी चुस्कियां लेने के लिए सवेरे से ही लोगों का तांता लगा रहता है।
बेरोजगारी से तंग आकर दीपक ने चाय की दुकान खोली
करोड़पति चाय के दुकान को संचालित करने वाले अपना नाम दीपक यादव बताते हैं। दो साल बेंगलुरु में रहकर पढ़ाई की और ग्रेजुएट होने बावजूद बेरोजगारी से तंग आकर उन्होंने चाय बेचने की सोची। बांका जिले के अमरपुर के छोटे से कस्बे से संबंध रखने वाले दीपक का कहना है वे किसी भी काम को छोटा नहीं समझते और नौकरी के अभाव में करोड़पति चाय का स्टॉल लगा लिया है।
स्टॉल का नाम करोड़पति चायवाला
छोटे से स्टॉल का नाम करोड़पति रखने के पीछे का कारण दीपक ने बताया की करोड़पति हो या रोडपति चाय सभी के जीवन का हिस्सा है, जिसको देखते हुए उन्होंने अपनी रेहड़ी का नाम करोड़पति रखा। अपनी चाय की खास बात उन्होंने बताई की शुद्ध दूध से चाय बनाई जाती है। वहीं आम जगहों से यह काफ़ी सस्ती भी रहती है। उन्होंने बताया कि चाय के दुकान से ही उनका भरण पोषण होता है। जबकि करोड़पति चाय के दुकान के नाम से लोग आकर्षित भी हो रहे हैं। धीरे धीरे जिले में इसकी चर्चा भी हो रही है। दीपक यादव ग्रेजुएट हैं। इससे पहले ग्रेजुएट चाय वाली, इंजीनियर चायवाला,एमबीए चायवाला चर्चा में रह चुके हैं। अब करोड़पति चायवाला चर्चा में आया है।




