नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । दिल्ली के पीरागढ़ी इलाके में कार से तीन लाशें मिलने के सनसनीखेज ट्रिपल मर्डर मामले में आरोपी और पाखंडी बाबा कमरुद्दीन को गिरफ्तार कर लिया गया है। 8 फरवरी को हुई घटना के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी थी और अब तक आरोपी ने खुद 8 हत्याओं का खुलासा किया है। यह मामला दिल्ली के पीरागढ़ी और लोनी क्षेत्र का है, जहां के सीसीटीवी फुटेज से अहम सुराग मिले हैं।
फिलहाल, कमरुद्दीन को 5 दिन की पुलिस रिमांड है। पूछताछ के दौरान कई सनसनीखेज खुलासे हो रहे हैं। आरोपी के बयानों की कड़ियों को जोड़कर पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि आरोपी ने पूछताछ में कई गंभीर दावे किए हैं और उसने 8 हत्याओं को अंजाम देने की बात कबूल की है। हालांकि, इन दावों की सच्चाई को लेकर पुलिस अलग-अलग पहलुओं पर जांच कर रही है।
सीसीटीवी फुटेज से सामने आया सच
8 फरवरी के सीसीटीवी फुटेज से मामले की कई अहम जानकारियां सामने आई हैं। पहले फुटेज में मृतक तीनों लोनी इलाके में सफेद टाटा टिगोर कार में आते हुए दिख रहे हैं। यही वही कार थी, जिसमें बाद में पीरागढ़ी इलाके में तीनों की लाशें बरामद हुई थीं। दूसरे फुटेज में देखा गया कि तीनों मृतक लोनी में कार खड़ी करके पैदल चल रहे थे, जो कमरुद्दीन के घर से कुछ दूरी पर थी। पुलिस फुटेज के आधार पर घटना से पहले और बाद की गतिविधियों की पड़ताल में जुटी है और हर सुराग को जोडकर मामले की पूरी सच्चाई तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
तंत्र साधना के नाम पर करता था साजिश
पुलिस को जांच में पता चला है कि आरोपी और पाखंडी बाबा कमरुद्दीन तंत्र साधना के नाम पर लड़कियों को अपने पास बुलाता था। धनवर्षा की बात कहकर उनको अपने झांसे में लाता और वह लड़कियों की लंबाई, वजन, रंग और चेहरे को लेकर विशेष मांग करता था। पुलिस ने आरोपी के ठिकाने से कई तस्वीरें बरामद की हैं, जिनमें लड़कियां एक पर्चा पकड़े नजर आ रही हैं, जिसमें उनका नाम, वजन, लंबाई और रंग दर्ज है। मृतक लक्ष्मी के फोन से भी इसी तरह की तस्वीरें मिली हैं। इसके अलावा आरोपी के ठिकाने से तंत्र साधना से जुड़ी किताबें भी बरामद हुई हैं। पुलिस इन सभी सबूतों के आधार पर मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि इस कथित तंत्र साधना के पीछे असली उद्देश्य क्या था।





