नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क । बॉलीवुड अभिनेता सनी देओल इन दिनों अपनी हालिया रिलीज फिल्म ‘बॉर्डर 2’ की सफलता को लेकर चर्चा में हैं। यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर धमाकेदार कमाई करते हुए 430 करोड़ रुपये से अधिक का कलेक्शन कर चुकी है। फिल्म को दर्शकों ने काफी पसंद किया। ‘बॉर्डर 2’ के बाद सनी के पास कई बड़े प्रोजेक्ट्स हैं। इसी बीच, उनके अपकमिंग पीरियड ड्रामा प्रोजेक्ट लाहौर 1947 को लेकर भी खबरें आ रही हैं। एक्टर ने हाल ही में यह संकेत दिया कि फिल्म का टाइटल रिलीज से पहले बदल सकता है और यह फिल्म एक फेमस प्ले पर आधारित है।
रिलीज से पहले हो सकता है बदलाव
सनी देओल ने अपनी अपकमिंग फिल्म लाहौर 1947 को लेकर बातचीत में कहा कि थिएटर्स में रिलीज होने से पहले फिल्म का टाइटल बदल सकता है। फिल्म का निर्देशन राजकुमार संतोषी ने किया है और इसे आमिर खान की प्रोडक्शन कंपनी के तहत बनाया गया है। सनी ने बताया “मेरी कई फिल्में आ रही हैं, उनमें से एक लाहौर 1947 है… शायद टाइटल बदले या वैसे ही रखा जाए। यह फिल्म एक प्रसिद्ध प्ले पर आधारित है और 13 अगस्त को सिनेमा हॉल्स में रिलीज होगी।
धर्मेंद्र को बेहद पसंद आई थी फिल्म की कहानी
आमिर खान अपनी प्रोडक्शन कंपनी आमिर खान प्रोडक्शंस के तहत फिल्म लाहौर 1947 को प्रोड्यूस कर रहे हैं। हालिया रिपोर्ट के मुताबिक, आमिर ने इस प्रोजेक्ट पर अपनी प्रतिक्रिया साझा करते हुए कहा कि यह स्क्रिप्ट धर्मेंद्र की पसंदीदा में से एक थी। बता दें कि आने वाली इस पीरियड ड्रामा में सनी देओल, डायरेक्टर राजकुमार संतोषी और प्रोड्यूसर आमिर खान पहली बार एक साथ हैं।
‘लाहौर 1947’ की कहानी प्रसिद्ध नाटक पर आधारित
फिल्म लाहौर 1947 का आधार प्रसिद्ध नाटक ‘जिस लाहौर नै वेख्या, ओ जाम्या ए नै’ है, जिसे नाटककार और प्रोफेसर असघर वजाहत ने लिखा है। यह कहानी विभाजन के समय की परिस्थितियों और लखनऊ से लाहौर जाने वाले एक मुस्लिम परिवार के संघर्ष को दर्शाती है। फिल्म की कास्ट में सनी देओल के साथ-साथ शबाना आजमी, प्रीति जिंटा और करण देओल भी नजर आएंगे। संगीत की जिम्मेदारी एआर रहमान ने संभाली है, जबकि गीतों के लेखक जावेद अख्तर हैं।





