नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव एक बार फिर चर्चाओं में हैं। सोशल मीडिया पर यह दावा किया जा रहा है कि वे एक बेटी के पिता बने हैं, हालांकि उन्होंने इन अटकलों को सिरे से नकार दिया है। इसी बीच अनुष्का यादव के भाई आकाश यादव का बयान सामने आया है, जिसने कई बातों को हवा देने की कोशिश की है।
आकाश यादव ने कहा कि उनके परिवार में एक बच्ची का जन्म हुआ है, जिसे वे घर की लक्ष्मी मानते हैं। उन्होंने बताया कि नवजात का नाम उज्जैनी रखा गया है और परिवार में खुशी का माहौल है। जब उनसे यह सवाल किया गया कि तेज प्रताप यादव ने कहा है कि उनकी एक ही बेटी है (तेजस्वी की बेटी), जिसका नाम कात्यायनी है, तो इस पर आकाश ने संयमित प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि तेज प्रताप जिस भी बच्ची को अपनी संतान मानते हैं, ईश्वर उसे सुखी और स्वस्थ रखे। आकाश यादव ने यह भी स्पष्ट किया कि तेज प्रताप द्वारा की गई प्रेस वार्ता पर वे कोई टिप्पणी नहीं करना चाहते। उनका कहना था कि पारिवारिक विषयों को वे न पहले सार्वजनिक मंच पर लाए थे और न ही आगे लाने का इरादा रखते हैं।
“तेज प्रताप परिवार का हिस्सा हैं”
आकाश यादव ने कहा कि तेज प्रताप यादव उनके परिवार के सदस्य हैं, इसलिए उनके बयानों को वह ज्यादा तवज्जो नहीं देते। उन्होंने कहा कि परिवार के भीतर की बातों को वह अनसुना कर देते हैं, लेकिन अगर कोई बाहरी व्यक्ति उनकी बहन, मां या परिवार की किसी महिला के खिलाफ टिप्पणी करेगा तो वह इसे कतई सहन नहीं करेंगे। आकाश ने यह भी बताया कि हाल ही में जो तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए हैं, उन्हें लेकर दोनों पक्षों ने कानूनी विकल्पों पर विचार किया है। उनके अनुसार, तेज प्रताप यादव और अनुष्का यादव दोनों ही न्यायालय का दरवाजा खटखटा सकते हैं।
“उज्जैनी के पिता का नाम सार्वजनिक नहीं करेंगे” – आकाश यादव
एक अन्य सवाल के जवाब में आकाश यादव ने स्पष्ट किया कि तेज प्रताप यादव के घर आने को लेकर उन्हें दोषी ठहराना सही नहीं है। उन्होंने कहा कि न तो उन्होंने किसी को बुलाया और न ही कोई तस्वीर खुद साझा की। उज्जैनी के पिता के नाम को लेकर आकाश ने कहा कि वे इसे सार्वजनिक मंच से उजागर नहीं करना चाहते। उनके अनुसार, संबंधित व्यक्ति की सुरक्षा को लेकर खतरा है और वे पहले से ही कानूनी जटिलताओं में उलझे हुए हैं। आकाश ने आगे कहा कि यदि किसी को यह जानना है कि अनुष्का के पति या उज्जैनी के पिता कौन हैं, तो उसके लिए न्यायिक संस्थानों का रास्ता खुला है। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट, हाईकोर्ट या महिला आयोग जैसे मंचों पर जाकर जानकारी हासिल की जा सकती है।





