नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । किसी भी कंपनी में छंटनी के फैसले भले ही व्यावसायिक कारणों से लिए जाते हों, लेकिन पूर्व कर्मचारियों के साथ भावनात्मक जुड़ाव बना रहता है। एटरल (पहले जोमैटो) के फाउंडर और वाइस चेयरमैन दीपेन्द्र गोयल ने भी ऐसा ही भावुक रुख दिखाया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट साझा करते हुए अपने पुराने कर्मचारियों को फिर से कंपनी में लौटने का आमंत्रण दिया। दीपेन्द्र गोयल का यह संदेश सोशल मीडिया पर चर्चा में है और इसे मानवीय पहल के तौर पर देखा जा रहा है।
पूर्व कर्मचारियों को लेकर भावुक हुए दीपेन्द्र गोयल
दीपेन्द्र गोयल ने अपने पोस्ट में लिखा कि कंपनी ने अपने बीते अनुभवों से बहुत कुछ सीखा है और जो लोग पहले यहां काम कर चुके हैं, उनके लौटने का खुले मन से स्वागत किया जाएगा। उन्होंने उन कर्मचारियों को भी संबोधित किया, जिन्होंने स्वेच्छा से जोमैटो छोड़ा था या जिन्हें आगे बढ़ने के लिए कहा गया था। अब उनसे दीपेन्द्र गोयल का कहना है कि जो हुआ, उसे भूल जाइए और वापस लौट आ आइए।
उन्होंने माना कि उस समय जोमैटो हर किसी के लिए सही कार्यस्थल नहीं रहा होगा। कई लोगों को न तो वैसा कामकाजी माहौल मिला होगा और न ही वह नेतृत्व, जिसकी उन्हें जरूरत थी। इसके बावजूद उन्होंने स्वीकार किया कि कई कर्मचारियों का कंपनी के साथ गहरा भावनात्मक जुड़ाव रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि जो अपनापन, भरोसा और घर जैसा एहसास कई लोगों को जोमैटो में मिला, वैसा अनुभव शायद उन्हें कहीं और न मिला हो। पूरे संदेश में यह साफ झलकता है कि भले ही रास्ते अलग हो गए हों, लेकिन साथ बिताया गया समय और साझा मेहनत हमेशा मायने रखती है।
“सफर अधूरा लगे तो लौट आइए”
अपने संदेश में दीपेन्द्र गोयल ने हाल ही में हुए लीडरशिप बदलाव को लेकर उठी आशंकाओं पर भी बात की। उन्होंने खास तौर पर यह स्पष्ट किया कि भले ही वे अब जोमैटो के सीईओ नहीं हैं, लेकिन कंपनी के मूल सिद्धांतों और संस्कृति के प्रति उनकी प्रतिबद्धता में कोई बदलाव नहीं आया है।
पोस्ट के अंत में दीपेन्द्र गोयल ने पूर्व कर्मचारियों को सीधे तौर पर आमंत्रित करते हुए कहा कि जिन्हें लगता है कि जोमैटो के साथ उनका सफर अभी पूरा नहीं हुआ है, उनके लिए कंपनी के दरवाजे खुले हैं। वे दोबारा लौटकर इस यात्रा का हिस्सा बन सकते हैं। उन्होंने इच्छुक उम्मीदवारों से [email protected] पर सीधे संपर्क करने को कहा और यह भरोसा भी दिलाया कि इस स्तर पर उनकी संभावित भूमिका पर गंभीरता से विचार किया जाएगा।





