नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। संसद के बजट सत्र में आज का दिन राजनीतिक तौर पर बेहद अहम माना जा रहा है। सोमवार को लोकसभा में दोपहर 12 बजे से राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा शुरू हो रही है, जो लगातार तीन दिन तक चलेगी। इस दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच जोरदार बहस और हंगामे के पूरे आसार हैं। इस चर्चा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के बोलने की पूरी संभावना जताई जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, राहुल गांधी आज दोपहर करीब 2 बजे लोकसभा में अपना संबोधन दे सकते हैं। माना जा रहा है कि उनका भाषण बजट के बाद विपक्ष की रणनीति को साफ तौर पर सामने रखेगा।
राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा
लोकसभा में इस बहस के लिए कुल 18 घंटे का समय तय किया गया है। बीजेपी की ओर से केंद्रीय मंत्री सर्वानंद सोनोवाल चर्चा की शुरुआत करेंगे, जबकि तेजस्वी सूर्या भी पार्टी का पक्ष रखेंगे। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 4 फरवरी को राष्ट्रपति के अभिभाषण पर अपना जवाब देंगे। उधर, राज्यसभा में भी आज दोपहर 2 बजे से चर्चा शुरू होगी। बीजेपी की तरफ से सदानंद मास्टर बहस की शुरुआत करेंगे, जबकि मेघा विश्राम कुलकर्णी भी अपनी बात रखेंगी। इसके अलावा जेपी नड्डा और सुधांशु त्रिवेदी जैसे वरिष्ठ नेता भी सरकार का पक्ष रखेंगे। राज्यसभा में प्रधानमंत्री मोदी 5 फरवरी को जवाब देंगे।
विपक्ष सरकार को घेरने की तैयारी में
कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल इस बहस के दौरान सरकार को कई मुद्दों पर घेरने की तैयारी में हैं। कांग्रेस व्हिप मोहम्मद जावेद ने कहा है कि पार्टी चाहती है कि राहुल गांधी इस अहम चर्चा में जरूर बोलें। हालांकि सीमित समय के चलते किन नेताओं को मौका मिलेगा, इसका फैसला पार्टी नेतृत्व करेगा। सूत्रों के अनुसार, केंद्रीय बजट 2026-27 पर आम चर्चा 5, 9, 10 और 11 फरवरी को होगी। बजट पर भी कुल 18 घंटे की बहस तय की गई है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के 11 फरवरी को बजट पर जवाब देने की संभावना है।





