नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । यूपी के मेरठ के बहसूमा क्षेत्र में एक युवती बीते कुछ दिनों से अस्पताल में भर्ती थी, जहां उसका इलाज चल रहा था। लेकिन बीती रात अचानक उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, परिजनों का आरोप है कि यह घटना दुष्कर्म की गंभीर साजिश का हिस्सा थी।
परिवार का कहना है कि पड़ोसी युवक ने युवती को बहला-फुसलाकर अपने घर ले जाकर उसके साथ जबरदस्ती की। आरोप है कि घटना के बाद आरोपी की मां उसे वापस युवती के घर छोड़ने आई थी। इसके अलावा, युवती के भाई ने युवक की बहन पर भी जहर देकर हत्या की कोशिश करने का आरोप लगाया है। फिलहाल, पुलिस मामले की तहकीकात में जुटी है।
मामले को लेकर बोली पुलिस
पुलिस ने इस मामले में अलग पक्ष प्रस्तुत किया है। उनके अनुसार, युवती और पड़ोसी युवक एक-दूसरे को पहले से जानते थे और दोनों के बीच संबंध थे। पुलिस का कहना है कि किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया, जिसके बाद गुस्से में युवती ने कीटनाशक दवा खा ली। परिजन जैसे ही युवती की हालत गंभीर देखी, उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस अब मामले की पूरी जांच कर रही है और दोनों पक्षों की स्थिति को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।
आरोपी युवक गिरफ्तार
मेरठ पुलिस ने परिजनों की शिकायत के बाद आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस पूरी जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही घटना की सच्चाई स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस ने कहा है कि यह एक संवेदनशील मामला है और जांच निष्पक्ष तरीके से होनी चाहिए। पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचना संभव होगा। यदि दुष्कर्म के आरोप साबित होते हैं, तो आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।





