नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। बिहार सरकार ने पटना के चित्रगुप्त नगर में नीट छात्रा से हुई दरिंदगी और हत्या मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) से कराने का आग्रह किया है। शनिवार को उपमुख्यमंत्री और सह गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने इस जानकारी को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा किया। उन्होंने लिखा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भारत सरकार से अनुरोध किया है कि पटना में हुई इस हत्याकांड (कांड संख्या- 14/26) की जांच सीबीआई द्वारा पारदर्शी और न्यायपूर्ण तरीके से की जाए, ताकि दोषियों तक जल्दी और निष्पक्ष रूप से पहुंचा जा सके।
बिहार पुलिस की जांच पर परिवार का रोष
इस मामले में 17 दिनों की जांच के बाद बिहार पुलिस किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंच पाई है। वहीं, मृत छात्रा के परिजनों ने एसआईटी की जांच पर सवाल उठाए हैं और कहा है कि पुलिस सही दिशा में जांच नहीं कर रही है। शुक्रवार को पीड़िता की मां ने डीजीपी विनय कुमार से मुलाकात की। मुलाकात के बाद डीजीपी आवास से निकलते समय वह गुस्से में दिखीं और कहा कि पुलिस बिक गई है और उन्हें अब अपनी बेटी को न्याय मिलने की उम्मीद नहीं है।
परिवार ने डीजीपी के दावों पर जताई नाराजगी
मीडिया कर्मियों से बातचीत में पीड़िता की मां, भाई और मामा ने बताया कि डीजीपी ने कहा कि छात्रा ने आत्महत्या की थी और रेप नहीं हुआ, आत्महत्या कर ली थी और इस बात को मान लेने के लिए कहा गया। उन्हें गृह मंत्री सम्राट चौधरी से मिलने की भी सलाह दी गई। वहीं, पीड़ित परिवार के वकील ने स्पष्ट किया कि पुलिस की जांच से परिवार संतुष्ट नहीं है।
FSL रिपोर्ट और DNA जांच
एफएसएल की जांच रिपोर्ट में मृत छात्रा के अंतःवस्त्र से पुरुष स्पर्म के अवशेष पाए गए हैं। एसआईटी बड़े पैमाने पर डीएनए टेस्ट की कार्रवाई कर रही है और अब तक परिजनों समेत 30 से अधिक लोगों के ब्लड सैंपल लिए जा चुके हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी रेप की संभावना को पूरी तरह से खारिज नहीं किया गया है और छात्रा के शरीर पर खरोंच के निशान भी पाए गए हैं, जो जांच की गंभीरता को और बढ़ाते हैं।
CBI जांच का आदेश
शुक्रवार की शाम बिहार के उपमुख्यमंत्री व गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने डीजीपी और मुख्य सचिव को आवास पर तलब कर मामले की जांच से संबंधित जानकारी ली। उन्होंने सभी पदाधिकारियों को जांच में पूरी पारदर्शिता बरतने का कड़ा निर्देश दिया।
मामला अब CBI के पास पहुंचा
इसके बाद यह फैसला लिया गया कि नीट छात्रा हत्या का मामला जांच के लिए सीबीआई को सुपुर्द किया जाएगा। अब सीबीआई फ्रेश केस दर्ज कर पूरी तरह से जांच करेगी और किसी भी तरह की अनियमितता को सामने लाएगी। हालांकि, ध्यान देने वाली बात यह है कि परिजनों ने कभी लिखित तौर पर सीबीआई जांच की मांग नहीं की थी।





