नई दिल्ली/ रफ्तार डेस्क। भारतीय क्रिकेट फैंस को पिछले कुछ समय में घरेलू क्रिकेट को लेकर एक बड़ी निराशा का सामना करना पड़ा। विजय हजारे ट्रॉफी में जब टीम इंडिया के दिग्गज खिलाड़ी विराट कोहली और रोहित शर्मा मैदान पर उतरते हुए नजर आए, तब भी उनके मैचों का लाइव प्रसारण नहीं हुआ। इससे क्रिकेट प्रेमियों में नाराजगी बढ़ी और बीसीसीआई पर सवाल उठने लगे कि आखिर देश के सबसे बड़े टूर्नामेंट में अंतरराष्ट्रीय स्टार्स खेल रहे हों, फिर भी उनकी क्रिकेट का सीधा प्रसारण क्यों नहीं हो रहा है।
घरेलू क्रिकेट को लेकर BCCI अपनी नीति में बदलाव करेगा?
अब इस मामले में बीसीसीआई ने साफ संकेत दे दिए हैं कि वह घरेलू क्रिकेट को लेकर अपनी नीति में बदलाव करने जा रहा है। बोर्ड के सेक्रेटरी देवजीत सैकिया ने मीडिया से बातचीत में कहा कि घरेलू टूर्नामेंट में इंटरनेशनल खिलाड़ियों की उपस्थिति बढ़ने के कारण दर्शकों की मांग भी बढ़ी है। उन्होंने बताया कि पहले लोग यह सवाल नहीं करते थे कि घरेलू मैच लाइव क्यों नहीं दिखाया जा रहा है।
टेलीविजन पर प्रसारित होने वाले घरेलू मैचों की संख्या बढ़ेगी
बीसीसीआई के पास फिलहाल 100 घरेलू मैचों का टेलीकास्ट कॉन्ट्रैक्ट है, जिसे अगले सीजन से बढ़ाने की योजना है। सचिव देवजीत सैकिया ने स्पष्ट किया कि,बोर्ड ने 100 मैचों की सीमा तय की थी, लेकिन अब जब घरेलू क्रिकेट में शीर्ष स्तर के खिलाड़ी नियमित रूप से खेल रहे हैं, तो दर्शक भी इन मैचों को लाइव देखना चाहते हैं। इसलिए BCCI अपनी नीति में बदलाव करके टेलीविजन पर प्रसारित होने वाले घरेलू मैचों की संख्या बढ़ाएगा।
ब्रॉडकास्ट पार्टनर्स के साथ मिलकर काम कर रहे हैं-देवजीत सैकिया
देवजीत सैकिया ने कहा, हमारी व्यवस्था पहले यह थी कि 100 घरेलू मैचों का सीधा प्रसारण किया जाएगा। लेकिन अब जब सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी घरेलू क्रिकेट खेल रहे हैं, तो क्रिकेट प्रेमी घरेलू मैच देखना चाहते हैं। इसलिए हम इस नीति में बदलाव करने जा रहे हैं। 100 से हम निश्चित रूप से मैचों की संख्या बढ़ाएंगे, और इसके लिए हम अपने ब्रॉडकास्ट पार्टनर्स के साथ मिलकर काम कर रहे हैं।
घरेलू क्रिकेट में इंटरनेशनल खिलाड़ियों की भागीदारी के फायदे
इसके अलावा सैकिया ने घरेलू क्रिकेट में इंटरनेशनल खिलाड़ियों की भागीदारी के फायदे भी बताए। उन्होंने कहा कि युवा खिलाड़ियों के लिए यह एक बड़ा अवसर है कि वे देश के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों के साथ खेलें और उनके साथ ड्रेसिंग रूम साझा करें। इससे युवा खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ता है और उन्हें खेल के स्तर को समझने और सीखने का मौका मिलता है।
बदलाव की आधिकारिक घोषणा अगले सीजन के प्रारंभ से पहले
हालांकि यह बदलाव कब लागू होगा, इसकी आधिकारिक घोषणा बीसीसीआई द्वारा अगले सीजन के प्रारंभ से पहले की जा सकती है। लेकिन यह स्पष्ट है कि बीसीसीआई अब घरेलू क्रिकेट को और अधिक प्रोफेशनल और दर्शक-केंद्रित बनाने की दिशा में कदम उठा रहा है। फिलहाल, विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे स्टार खिलाड़ियों की वजह से घरेलू क्रिकेट को मिलने वाली मांग बढ़ी है, और बीसीसीआई भी इसे नजरअंदाज नहीं कर रहा है।





