नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। अंडर-19 विश्व कप 2026 में भारतीय क्रिकेट टीम शानदार फॉर्म में नजर आ रही है। पहले दो मैच जीतकर ही टीम इंडिया ने अगले राउंड में अपनी जगह पक्की कर ली है। भले ही भारत का आखिरी लीग मैच अभी बाकी हो, लेकिन उससे पहले ही एक बार फिर भारत और पाकिस्तान के बीच महामुकाबले की संभावनाएं तेज हो गई हैं। लीग स्टेज में दोनों टीमें आमने-सामने नहीं हुईं, मगर आगे के मुकाबलों को लेकर जो समीकरण बन रहे हैं, वे बेहद दिलचस्प और रोमांच से भरे हैं। ऐसे में फैंस की नजरें अब इसी बात पर टिकी हैं कि क्या फिर से क्रिकेट का सबसे बड़ा टकराव देखने को मिलेगा।
भारत और पाकिस्तान ने अगले राउंड में पक्की की जगह
भारत और न्यूजीलैंड की अंडर-19 टीमें शनिवार को आमने-सामने होंगी, लेकिन इस मुकाबले से पहले ही दोनों टीमों ने अगले राउंड के लिए क्वालिफाई कर लिया है। भारतीय टीम फिलहाल अपने ग्रुप में टॉप पोजिशन पर काबिज है, हालांकि आखिरी स्टैंडिंग का फैसला न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच के नतीजे से होगा। इसी मुकाबले के बाद यह भी साफ होगा कि आगे के चरण में भारत और पाकिस्तान के बीच एक और हाई-वोल्टेज क्रिकेट मुकाबला देखने को मिलेगा या नहीं।
16 टीमें, 12 को मिलेगा अगले राउंड का टिकट
आईसीसी ने अंडर-19 विश्व कप के लिए इस बार 16 टीमों को चार ग्रुप में बांटा है, जहां हर ग्रुप में चार-चार टीमें शामिल हैं। नियम के मुताबिक, प्रत्येक ग्रुप की टॉप-3 टीमें अगले राउंड यानी सुपर-6 में पहुंचेंगी, जो अब लगभग तय हो चुका है। सुपर-6 चरण में ग्रुप B और C को मिलाकर एक ग्रुप बनाया जाएगा, जबकि ग्रुप A और D की टीमें दूसरे ग्रुप में होंगी। भारत जहां ग्रुप B में है, वहीं पाकिस्तान ग्रुप C का हिस्सा है-यानी दोनों टीमें एक ही सुपर-6 ग्रुप में पहुंचेंगी। हालांकि, सिर्फ इतना ही भारत-पाकिस्तान मुकाबले के लिए काफी नहीं है, क्योंकि इसके लिए एक और अहम शर्त भी जुड़ी हुई है, जो आगे तस्वीर पूरी तरह साफ करेगी।
इस समीकरण को समझें
सुपर-6 राउंड में टीमें आपस में मुकाबले खेलेंगी, लेकिन एक अहम नियम है-दूसरे ग्रुप में जिस पोजिशन पर कोई टीम रही हो, उसी पोजिशन वाली टीम से उसका मैच नहीं होगा। इसे उदाहरण से समझें। पाकिस्तान ग्रुप C में है और अपने सभी लीग मैच खेलकर इस वक्त दूसरे नंबर पर मौजूद है। ऐसे में पाकिस्तान का मुकाबला ग्रुप B की दूसरी नंबर वाली टीम से नहीं होगा। यानी अगर भारतीय टीम दूसरे स्थान पर रहती है, तो भारत-पाकिस्तान मैच नहीं होगा। लेकिन अगर भारत पहले या तीसरे नंबर पर रहता है, तो फिर दोनों टीमों के बीच महामुकाबला तय हो सकता है। यही वजह है कि अब सबकी नजरें भारत की ग्रुप पोजिशन पर टिकी हैं।
भारत बनाम न्यूजीलैंड के बाद तय होगी महामुकाबले की तस्वीर
भारतीय टीम इस समय चार अंकों के साथ अपने ग्रुप में नंबर एक पर बनी हुई है, जबकि न्यूजीलैंड की टीम दो अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है। शनिवार को होने वाले भारत बनाम न्यूजीलैंड मुकाबले के बाद ही यह साफ होगा कि आगे क्या समीकरण बनेगा। अगर टीम इंडिया यह मैच जीतती है, तो वह टॉप पर ही रहेगी और ऐसे में भारत-पाकिस्तान महामुकाबला तय माना जाएगा। लेकिन अगर भारत हार जाता है और वह भी बड़े अंतर से, तो टीम दूसरे नंबर पर खिसक सकती है और फिर यह हाई-वोल्टेज मैच नहीं होगा।
हालांकि न्यूजीलैंड की जीत से उसके अंक भारत के बराबर जरूर हो जाएंगे, लेकिन भारत का नेट रन रेट काफी बेहतर है। ऐसे में भारत को बहुत बड़ी हार मिलने की स्थिति में ही पोजिशन बदलेगी। साफ है कि अब सारी नजरें भारत-न्यूजीलैंड मैच पर टिकी हैं और इसी के बाद महामुकाबले की तारीख तय होगी। जो भी अपडेट होगा, हम आपको लगातार जानकारी देते रहेंगे।





