नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। दिल्ली के मंगोलपुरी इलाके में एक युवक की बेरहमी से चाकू गोदकर हत्या कर दी गई। यह पूरी घटना इलाके में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है। वारदात N ब्लॉक पार्क के पास हुई, जहां 4-5 युवकों ने मिलकर 23 वर्षीय युवक पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला किया।
मृतक की पहचान आकाश उर्फ अक्कू के रूप में हुई
मृतक की पहचान आकाश उर्फ अक्कू के रूप में हुई है, जो मंगोलपुरी के I ब्लॉक का रहने वाला था। आकाश अपने बीमार पिता के साथ कचौड़ी का स्टॉल चलाता था और वही परिवार का इकलौता कमाने वाला था। इस घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। चश्मदीदों के मुताबिक, आकाश अपने दोस्तों के साथ पार्क में खड़ा था, तभी अचानक 4–5 युवक वहां पहुंचे और बिना किसी चेतावनी के चाकू से हमला कर दिया। जान बचाने के लिए आकाश पास के एक घर में घुस गया, लेकिन हमलावर वहां भी पहुंच गए। आरोपियों ने उसे बाहर खींचकर दोबारा चाकू से कई वार किए।
अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम
हमले में आकाश बुरी तरह घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तुरंत संजय गांधी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस की शुरुआती जांच में हत्या के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। चश्मदीदों का कहना है कि हमलावरों और आकाश के बीच पहले से विवाद चल रहा था। हालांकि हत्या की असली वजह पुलिस जांच के बाद ही साफ हो पाएगी। पूरी वारदात CCTV कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने फुटेज के आधार पर चार आरोपियों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। मंगोलपुरी थाना पुलिस और जिले की कई टीमें मामले की जांच में जुटी हुई हैं।
इलाके में गुस्से और डर का माहौल
इस सनसनीखेज हत्या के बाद मंगोलपुरी इलाके में दहशत फैल गई है। स्थानीय लोग पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नाराजगी जता रहे हैं और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और हर पहलू से जांच की जा रही है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कानून के मुताबिक सख्त कार्रवाई की जाएगी।





