नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में सेना का एक ट्रेनी एयरक्राफ्ट दुर्घटनाग्रस्त हो गया। यह हादसा केपी कॉलेज के पास विद्यावाहिनी स्कूल के बगल में स्थित एक तालाब में हुआ। एयरक्राफ्ट के अचानक नीचे गिरने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेनिंग के दौरान एयरक्राफ्ट अचानक संतुलन खो बैठा और सीधे तालाब में जा गिरा। हादसे के वक्त एयरक्राफ्ट में कुछ लोग सवार थे, जिससे स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई।
केपी कॉलेज के पास हुआ हादसा
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब भारतीय वायुसेना का एक ट्रेनी माइक्रोलाइट एयरक्राफ्ट उड़ान के दौरान दुर्घटनाग्रस्त होकर शहर के बीचों-बीच एक तालाब में गिर गया। यह हादसा केपी कॉलेज के पीछे स्थित तालाब में हुआ, जहां तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी और आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी मच गई।
उड़ान के कुछ देर बाद बिगड़ा संतुलन
चश्मदीदों के मुताबिक, एयरक्राफ्ट उड़ान भरते समय सामान्य स्थिति में था, लेकिन कुछ ही देर बाद उसका संतुलन बिगड़ गया। देखते ही देखते विमान तेजी से नीचे आया और सीधे तालाब में जा गिरा। हादसे की आवाज सुनते ही स्थानीय लोग मौके पर दौड़ पड़े। हादसे के तुरंत बाद पास के स्कूल और कॉलेज के छात्र व स्थानीय लोग मदद के लिए आगे आए। चश्मदीद पदम सिंह ने बताया, “हम लोग स्कूल कैंपस में थे, तभी रॉकेट जैसी आवाज आई। दौड़कर पहुंचे तो देखा कि कुछ लोग दलदल में फंसे हैं। हम लोग तालाब में कूद गए और तीन लोगों को बाहर निकाला। भारतीय वायुसेना की शुरुआती जानकारी के अनुसार, यह माइक्रोलाइट एयरक्राफ्ट एक रूटीन ट्रेनिंग सॉर्टी पर था। विमान में दो पायलट सवार थे, जिन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। राहत की बात यह रही कि दोनों पायलटों को कोई गंभीर चोट नहीं आई है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और राहत टीमें मौके पर पहुंच गईं। तालाब के आसपास बैरिकेडिंग कर दी गई और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। एयरक्राफ्ट को तालाब से बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।





