नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । भारतीय जनता पार्टी को नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिल गया है। नितिन नबीन को पार्टी की कमान सौंपी गई है और इसका औपचारिक ऐलान भी किया जा चुका है। वे भाजपा के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष बने हैं और इस पद पर पहुंचने वाले सबसे युवा नेताओं में गिने जा रहे हैं। महज 45 वर्ष की उम्र में उन्हें यह बड़ी जिम्मेदारी मिली है।
बिहार की राजनीति का जाना-पहचाना चेहरा हैं
नितिन नबीन बिहार की राजनीति का जाना-पहचाना चेहरा हैं। वे बिहार विधानसभा के पांच बार विधायक रह चुके हैं और राज्य सरकार में मंत्री पद की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। पार्टी और संगठन में उनकी सक्रिय भूमिका के चलते अब वे राष्ट्रीय राजनीति में एक अहम चेहरा बनकर उभरे हैं। ऐसे में लोगों के मन में यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि बीजेपी के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष की शैक्षणिक योग्यता क्या है और उन्होंने कहां से पढ़ाई की है। इस स्टोरी के जरिए हम आपको नितिन नबीन के एजुकेशन बैकग्राउंड के बारे में विस्तार से जानकारी देने जा रहे हैं।
नितिन नबीन की शैक्षणिक जानकारी
नितिन नबीन की शुरुआती शिक्षा पटना स्थित सेंट माइकल हाई स्कूल से हुई। उन्होंने वर्ष 1996 में सीबीएसई बोर्ड से कक्षा 10 की परीक्षा उत्तीर्ण की। इसके बाद वे आगे की पढ़ाई के लिए दिल्ली गए, जहां सीएसकेएम पब्लिक स्कूल से उन्होंने सीनियर सेकेंडरी की पढ़ाई पूरी की और साल 1998 में इंटरमीडिएट परीक्षा पास की। नितिन नबीन का जन्म 23 मई 1980 को झारखंड की राजधानी रांची में हुआ था। उनका राजनीतिक बैकग्राउंड भी मजबूत रहा है। उनके पिता भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता रहे हैं और वे पटना पश्चिम विधानसभा सीट से चार बार विधायक भी चुने जा चुके हैं।
ऐसे शुरू हुआ चुनावी सफर
नितिन नबीन ने बेहद कम उम्र में सक्रिय राजनीति की राह पकड़ ली थी। वर्ष 2006 में पिता के निधन के बाद उन्होंने चुनावी मैदान में कदम रखा। उसी साल उन्होंने पटना पश्चिम विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा और पहली ही कोशिश में बिहार विधानसभा के सदस्य चुने गए। इसके बाद उनका राजनीतिक कद लगातार बढ़ता गया। नितिन नबीन ने बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र से 2010, 2015, 2020 और 2025 के चुनावों में जीत दर्ज की और लगातार पांच बार विधायक बनने का रिकॉर्ड कायम किया। उनकी यह जीत उन्हें बिहार की राजनीति के मजबूत नेताओं में शामिल करती है।
मजबूत सियासी रिकॉर्ड
नितिन नबीन ने बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र से लगातार पांच चुनावों में जीत दर्ज कर अपनी राजनीतिक पकड़ को मजबूत किया है। अपने विधायक कार्यकाल के दौरान नितिन नबीन को बिहार सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में भी अहम जिम्मेदारियां सौंपी गईं। इस दौरान उन्होंने सड़क निर्माण, शहरी विकास, आवास और कानून जैसे महत्वपूर्ण विभागों का दायित्व संभाला और प्रशासनिक अनुभव भी हासिल किया।


.jpg)


