नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। देशभक्ति और भारतीय सेना पर बनी फिल्में हमेशा दर्शकों के दिलों में खास जगह रखती हैं। जवानों की बहादुरी, उनका जज्बा और देश के लिए किया गया बलिदान इन फिल्मों को खास बनाता है। अब जब सनी देओल की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘बॉर्डर 2’ रिलीज होने वाली है, तो इससे पहले कुछ ऐसी दमदार देशभक्ति फिल्मों को देखना बनता है, जो आपके अंदर देश के लिए गर्व और जोश भर दें। अच्छी बात यह है कि ये सभी फिल्में ओटीटी प्लेटफॉर्म पर आसानी से उपलब्ध हैं।
इन फिल्मों को अपनी वॉचलिस्ट में जरूर शामिल करें।
अगर आप ‘बॉर्डर 2’ से पहले देशभक्ति के रंग में रंगना चाहते हैं, तो इन फिल्मों को अपनी वॉचलिस्ट में जरूर शामिल करें।
जब तक है जान
साल 2012 में रिलीज हुई शाहरुख खान की यह फिल्म देशभक्ति को एक अलग नजरिए से दिखाती है। फिल्म में शाहरुख एक आर्मी ऑफिसर और बम डिफ्यूजल एक्सपर्ट के किरदार में नजर आते हैं। प्यार की कहानी के साथ-साथ सेना की खतरनाक और चुनौतीपूर्ण जिंदगी को भी बखूबी दिखाया गया है। यह फिल्म आप नेटफ्लिक्स पर देख सकते हैं।
बॉर्डर
1997 में रिलीज हुई मल्टीस्टारर फिल्म ‘बॉर्डर’ आज भी देशभक्ति फिल्मों की लिस्ट में सबसे ऊपर गिनी जाती है। 1971 के भारत-पाक युद्ध पर आधारित यह फिल्म भारतीय जवानों की बहादुरी और बलिदान को भावनात्मक अंदाज में पेश करती है। इसके गाने और डायलॉग आज भी रोंगटे खड़े कर देते हैं। ‘बॉर्डर 2’ से पहले इस फिल्म को देखना माहौल बनाने के लिए बिल्कुल परफेक्ट है। यह फिल्म अमेजन प्राइम वीडियो पर उपलब्ध है।
लक्ष्य
साल 2004 में आई ‘लक्ष्य’ एक ऐसे युवक की कहानी है जो जिंदगी में भटका हुआ होता है, लेकिन आर्मी जॉइन करने के बाद अपने मकसद को पहचानता है। ऋतिक रोशन का जबरदस्त ट्रांसफॉर्मेशन और अमिताभ बच्चन का सख्त आर्मी ऑफिसर वाला किरदार फिल्म को खास बनाता है। यह फिल्म आप नेटफ्लिक्स और अमेजन प्राइम वीडियो दोनों पर देख सकते हैं।
हॉलीडे: ए सोल्जर इज नेवर ऑफ ड्यूटी
2014 में रिलीज हुई अक्षय कुमार की यह फिल्म एक्शन और देशभक्ति से भरपूर है। कहानी एक ऐसे आर्मी ऑफिसर की है जो छुट्टी पर होने के बावजूद आतंकवादियों के स्लीपर सेल को खत्म करने के मिशन पर निकल पड़ता है। फिल्म की तेज रफ्तार और रोमांचक सीन्स इसे देखने लायक बनाते हैं। यह फिल्म अमेजन प्राइम वीडियो पर रेंट पर उपलब्ध है।
उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक
भारतीय सेना की सर्जिकल स्ट्राइक पर आधारित यह फिल्म देशभक्ति सिनेमा को नई ऊंचाई पर ले गई। विक्की कौशल का दमदार अभिनय और फिल्म के डायलॉग्स आज भी लोगों की जुबान पर हैं। यह फिल्म नेटफ्लिक्स पर देखी जा सकती है।
शेरशाह
कारगिल युद्ध के हीरो कैप्टन विक्रम बत्रा की जिंदगी पर बनी यह फिल्म युवाओं के बीच बेहद लोकप्रिय रही। सिद्धार्थ मल्होत्रा की शानदार एक्टिंग और सच्ची कहानी इसे खास बनाती है। यह फिल्म अमेजन प्राइम वीडियो पर उपलब्ध है।कुल मिलाकर, अगर आप ‘बॉर्डर 2’ से पहले देशभक्ति का पूरा माहौल बनाना चाहते हैं, तो ये फिल्में आपको जोश, गर्व और इमोशन से भर देंगी। ओटीटी प्लेटफॉर्म पर मौजूद ये आर्मी फिल्में हर भारतीय को एक बार जरूर देखनी चाहिए।





