नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। हरियाणा के फरीदाबाद में पुलिस को रिश्वत देने का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां कोतवाली थाने के एसएचओ के बैंक खाते में UPI के जरिए 5 हजार रुपये पहुंच गए। हैरानी की बात यह है कि SHO का कहना है कि उन्होंने कोई रिश्वत नहीं ली और उन्हें नहीं पता कि उनके खाते में पैसे कैसे आए। पुलिस के अनुसार यह रकम एक मामले की जांच को प्रभावित करने और अपने पक्ष में कार्रवाई कराने के लिए भेजी गई थी। मामले की शिकायत दर्ज कर ली गई है और जांच शुरू कर दी गई है।
UPI से जबरन भेजे गए पैसे
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शिकायतकर्ता ने अपने पक्ष में कार्रवाई करवाने के लिए एसएचओ के बैंक खाते में यूपीआई के जरिए 5 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। यह रकम बिना एसएचओ की जानकारी और सहमति के भेजी गई थी। एसएचओ का कहना है, “मैंने कोई रिश्वत नहीं ली है। मुझे नहीं पता मेरे खाते में पैसे कैसे आए।” दहेज प्रताड़ना केस से जुड़ा है मामला पुलिस के मुताबिक, पिछले साल एनआईटी क्षेत्र की रहने वाली एक विवाहिता ने अपने मुरादाबाद निवासी ससुराल वालों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज कराया था। इस केस की जांच कोतवाली थाने में चल रही थी। आरोप है कि इसी मामले की जांच को प्रभावित करने के लिए सोमवार शाम शिकायतकर्ता पक्ष की ओर से एसएचओ के खाते में पैसे डाले गए। जैसे ही एसएचओ को अपने खाते में पैसे आने की जानकारी मिली, उन्होंने तुरंत इसकी सूचना अपने वरिष्ठ अधिकारियों को दी। इसके बाद पुलिस हरकत में आई और शिकायतकर्ता, उसके पिता और भाई के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया। पुलिस को शक है कि आरोपियों ने दबाव बनाने और अपने पक्ष में कार्रवाई करवाने के लिए यह तरीका अपनाया।
पुलिस कर रही है पूरे मामले की जांच
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। यह भी देखा जा रहा है कि कहीं इसके पीछे कोई साजिश तो नहीं है। इस मामले पर पुलिस के आला अधिकारी भी नजर बनाए हुए हैं।





