नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। दिल्ली के लोगों को मकर संक्रांति के मौके पर पानी की परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। दिल्ली जल बोर्ड (DJB) ने अलर्ट जारी करते हुए बताया है कि 15 जनवरी को शहर के कई इलाकों में पानी की सप्लाई आंशिक या पूरी तरह प्रभावित रहेगी। यह फैसला अंडरग्राउंड रिजर्वॉयर और बूस्टर पंपिंग स्टेशनों की वार्षिक सफाई और मेंटेनेंस के चलते लिया गया है।
मेंटेनेंस के कारण रोकी जाएगी सप्लाई
दिल्ली जल बोर्ड के अनुसार, हर साल की तरह इस बार भी भूमिगत जलाशयों और बूस्टर पंपिंग स्टेशनों की नियमित फ्लशिंग और सफाई की जाएगी। इसी प्रक्रिया के चलते कुछ इलाकों में अस्थायी रूप से पानी की सप्लाई बंद या कम की जाएगी। 14 जनवरी को भी पश्चिम और मध्य दिल्ली के कई इलाकों में पानी की किल्लत रही। प्रभावित क्षेत्रों में शामिल हैं मुखमेलपुर गांव, न्यू राजिंदर नगर, डबल स्टोरी क्षेत्र, एनपीएल कॉलोनी, पूसा, साउथ पटेल नगर और टोडापुर गांव।
15 जनवरी को इन इलाकों में कटेगी सप्लाई
आज यानी 15 जनवरी को भी कुछ इलाकों में पानी की सप्लाई प्रभावित रहेगी। इनमें प्रमुख रूप से मुकंदपुर, झरोदा कलां, नाथूपुरा और प्रधान कॉलोनी के इलाके शामिल हैं। दिल्ली जल बोर्ड ने सभी प्रभावित क्षेत्रों के लोगों से अपील की है कि वे अपनी जरूरत के हिसाब से पहले ही पानी का भंडारण कर लें और पानी का सही इस्तेमाल करें। बोर्ड ने कहा है कि यह असुविधा अस्थायी है और काम पूरा होते ही सप्लाई सामान्य कर दी जाएगी।
आपात स्थिति में टैंकर सेवा उपलब्ध
अगर पानी की ज्यादा दिक्कत हो तो लोग टैंकर सेवा का सहारा ले सकते हैं। इसके लिए जल बोर्ड ने हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं। इसके लिए नागरिक केंद्रीय नियंत्रण कक्ष के नंबर 1916 पर संपर्क कर सकते हैं. इदगाह क्षेत्र के लिए 23537397 और 23677129 नंबर जारी किए गए हैं। राजेन्द्र नगर के लिए 28742340 और गुलाबी बाग एवं शास्त्री नगर के लिए 23650040 नंबर उपलब्ध हैं। चंद्रावल डब्ल्यूडब्ल्यू-2 के लिए 23819045, 23818525 और 23810930 नंबर पर संपर्क किया जा सकता है। बुराड़ी जल आपातकालीन सेवा के लिए 27619244 नंबर जारी किया गया है।





