नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की तारीख आखिरकार सामने आ गई है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, 19 जनवरी को नामांकन होगा और 20 जनवरी को राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव किया जाएगा। काफी समय से यह पद खाली चल रहा था और नितिन नबीन कार्यकारी अध्यक्ष के तौर पर जिम्मेदारी संभाल रहे थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत पार्टी और संगठन के 10 वरिष्ठ नेता प्रस्तावक के तौर पर नामांकन करेंगे।
नितिन नबीन की दावेदारी सबसे मजबूत
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, अध्यक्ष की रेस में नितिन नबीन का नाम सबसे आगे चल रहा है। अगर उन्हें राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया जाता है, तो वे बीजेपी के अब तक के सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष होंगे। उनका कार्यकाल जनवरी 2029 तक रहेगा। 2029 में लोकसभा चुनाव होने के कारण कार्यकाल बढ़ाए जाने की भी संभावना है। इससे पहले 2020 में जेपी नड्डा को भी पहले कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था और बाद में उन्हें स्थायी अध्यक्ष बनाया गया। उसी तर्ज पर अब नितिन नबीन के नाम पर भी सहमति बनती दिख रही है।
लगातार 5 बार विधायक रह चुके हैं नितिन नबीन
नितिन नबीन 15 दिसंबर 2025 को बीजेपी के कार्यकारी अध्यक्ष बनाए गए थे, लेकिन खरमास के कारण उन्होंने देर से पदभार संभाला। 45 वर्षीय नितिन नबीन बिहार सरकार में सड़क निर्माण मंत्री थे। उनके पिता नवीन किशोर सिन्हा बीजेपी के बड़े नेता रहे हैं। नितिन नबीन 2006, 2010, 2015, 2020 और 2025 में लगातार बांकीपुर सीट से विधायक चुने गए हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार, बीजेपी के संगठनात्मक चुनावों की प्रक्रिया 37 में से 29 राज्यों में पूरी हो चुकी है। इन राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष नितिन नबीन के समर्थन में नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। इसके अलावा बीजेपी की राष्ट्रीय परिषद के सदस्य भी अलग सेट में नितिन नबीन के पक्ष में नामांकन करेंगे।
बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव कैसे होता है?
बीजेपी के संविधान की धारा-19 के अनुसार, राष्ट्रीय और प्रदेश परिषद के सदस्यों से मिलकर इलेक्टोरल कॉलेज बनता है, जो अध्यक्ष का चुनाव करता है।
चुनाव लड़ने की शर्तें: कम से कम 15 साल से पार्टी का प्राथमिक सदस्य होना जरूरी इलेक्टोरल कॉलेज के कम से कम 20 सदस्यों का प्रस्तावक होना जरूरी
चुनाव की प्रक्रिया: नामांकन फॉर्म भरा जाता है इसके बाद वोटिंग होती है दिल्ली में बैलेट बॉक्स की गिनती होती है नया अध्यक्ष घोषित किया जाता है बीजेपी के नियमों के मुताबिक, कोई भी सदस्य लगातार दो कार्यकाल (3-3 साल) तक अध्यक्ष रह सकता है। राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की तारीख सामने आते ही बीजेपी के अंदर हलचल तेज हो गई है। माना जा रहा है कि 20 जनवरी को पार्टी को नया चेहरा मिल जाएगा, जो 2029 लोकसभा चुनाव की तैयारियों में अहम भूमिका निभाएगा।





