नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। बिहार की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। सवाल उठ रहा है कि क्या पूर्व मुख्यमंत्री और विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी का सरकारी आवास खाली कराया जा रहा है। पटना के 10 सर्कुलर रोड स्थित उनके आवास पर देर रात कुछ गतिविधियां देखी गईं, जिसके बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है
देर रात पहुंची पिकअप गाड़ी
जानकारी के अनुसार, देर रात आवास परिसर में पिकअप वैन आती-जाती नजर आईं। बताया जा रहा है कि इन गाड़ियों के जरिए आवास परिसर से पेड़-पौधों को बाहर ले जाया गया। चर्चा है कि इन पौधों को गोला रोड स्थित गौशाला में शिफ्ट किया जा रहा है। हालांकि, इस संबंध में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की ओर से देर रात तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई। फिलहाल आवास से फर्नीचर या घरेलू सामान बाहर ले जाते हुए नहीं देखा गया है, लेकिन इसके बावजूद यह कयास लगाए जा रहे हैं कि धीरे-धीरे आवास खाली करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इसी बीच यह भी जानकारी सामने आई है कि इस समय लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव दोनों दिल्ली में मौजूद हैं, जिससे इन गतिविधियों को लेकर सवाल और गहरे हो गए हैं।
गौरतलब है कि 25 नवंबर को बिहार सरकार के भवन निर्माण विभाग ने राबड़ी देवी को 10 सर्कुलर रोड स्थित आवास खाली करने का नोटिस दिया था। इसके बाद उन्हें 39 हार्डिंग रोड स्थित नया सरकारी आवास आवंटित किया गया है, जो उन्हें विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष होने के नाते मिला है। अब बड़ा सवाल यही है कि क्या राबड़ी देवी का आवास वास्तव में खाली किया जा रहा है या फिर यह सिर्फ अफवाहों का बाजार गर्म है। इस पूरे मामले पर सभी की नजरें राजद की आधिकारिक प्रतिक्रिया पर टिकी हुई हैं।





