नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। बिहार विधानसभा चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आ रहे हैं, वैसे-वैसे सियासी पारा और तेज़ होता जा रहा है। अब चुनावी संग्राम में भोजपुरी सिनेमा की दो बड़ी हस्तियां आमने-सामने आ गई हैं। गोरखपुर से बीजेपी सांसद और अभिनेता रवि किशन ने आरजेडी प्रत्याशी खेसारी लाल यादव पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने खेसारी का नाम लिए बिना कहा कि भोजपुरी सिनेमा को इन लोगों ने बेच दिया, आज इंडस्ट्री की हालत खस्ता है।
”भोजपुरी सिनेमा को बर्बाद कर दिया”
रवि किशन ने कहा, “भोजपुरी सिनेमा में सनातन का नाम लेकर सब कुछ कमाया, लेकिन अब इंडस्ट्री बंद हो गई है। मैंने इस इंडस्ट्री को राष्ट्रीय पुरस्कार की पहचान दिलाई, मशाल दी, लेकिन जैसे ही मैं संसद में गया, इन लोगों ने भोजपुरी इंडस्ट्री को बेच दिया। उन्होंने सवाल उठाया कि “आज भोजपुरी फिल्मों में दर्शक क्यों नहीं हैं? इंडस्ट्री बदनाम क्यों हो गई? रवि किशन ने कहा कि पहले छपरा और बिहार के सिनेमाघरों में उनकी फिल्में सिल्वर जुबली करती थीं, लेकिन आज दर्शक ही नहीं बचे। इसके लिए उन्होंने अप्रत्यक्ष रूप से खेसारी लाल यादव को जिम्मेदार ठहराया।
”सनातन विरोधी दल के साथ खड़े हैं”
बीजेपी सांसद ने आगे कहा कि खेसारी लाल यादव जिस दल के साथ खड़े हैं, वह सनातन विरोधी विचारधारा रखता है। जिस पार्टी ने राम मंदिर और मां जानकी मंदिर का . विरोध किया, उनके साथ खड़े होकर कोई सनातन प्रेमी नहीं हो सकता। जो हमारी आस्था और संस्कृति को चोट पहुंचाते हैं, जनता उन्हें माफ नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि “ऐसे लोगों की ज़मानत जब्त हो जाएगी। जो मां-बहन की सुरक्षा से लेकर हमारे धर्म और इतिहास से खिलवाड़ करते हैं, उन्हें बिहार की जनता सबक सिखाएगी। रावी किशन ने कहा कि खेसारी लाल यादव पहले किस पार्टी के साथ थे और किसके लिए प्रचार करते थे, ये सब जनता जानती है। आज वे स्वार्थ के लिए विचार बदलकर विरोधी खेमे में चले गए हैं। लेकिन जनता सब समझती है, और इस बार जवाब जरूर देगी। बता दें कि हाल ही में बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने भी खेसारी लाल यादव को ‘नचनिया’ कहकर विवाद खड़ा कर दिया था। इसके बाद खेसारी ने भी तीखा जवाब दिया था। अब रवि किशन के बयान के बाद यह टकराव और बढ़ गया है।बिहार चुनाव में जहां एक तरफ राजनीतिक दलों के बीच मुकाबला है, वहीं अब भोजपुरी सितारों की जुबानी जंग भी सुर्खियां बटोर रही है।





