नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। राजधानी दिल्ली में लाल किले के पास हुए बम धमाके के बाद बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने तीखी और विवादित प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इस घटना को हिंदू राष्ट्र की आवश्यकता से जोड़ा और सभी सनातनी लोगों से एकजुट होने की अपील की।धीरेंद्र शास्त्री ने सनातनी समुदाय को एकजुट होने की चेतावनी देते हुए कहा,अगर सभी सनातनी एकजुट नहीं हुए, तो जो बम धमाका अभी दिल्ली में हुआ है, वह हर गली-मोहल्ले में हो सकता था। सभी हिन्दुओं को एकजुट होना होगा। अगर सभी सनातनी एकजुट हो गए तो वे कुछ भी कर सकते हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि देश में सनातन हिंदू एकता बनाए रखना आवश्यक है। शास्त्री ने विरोधियों को संदेश देते हुए कहा, कुछ लोग हमारी यात्रा और सनातन के विरोध में हैं, लेकिन हम ना रुकेंगे ना डरेंगे।उन्होंने धमाके के आरोपी डॉक्टर की पहचान और संदिग्ध गतिविधियों पर सवाल उठाते हुए कहा, आखिरकार यही लोग आतंकी क्यों होते हैं, मदरसों में क्या पढ़ाया जाता है?पकड़े गए आरडीएक्स की मात्रा इतनी थी कि अगर धमाका हो जाता तो स्थिति गंभीर होती।अगर भारत हिंदू राष्ट्र होता तो ऐसी स्थिति नहीं आती। हम इस देश में सनातन हिंदू एकता चाहते हैं। कुछ लोग हमारी यात्रा पर गलत दृष्टि रखे हैं, लेकिन हम ना रुकेंगे ना डरेंगे।
सनातन एकता पदयात्रा का पांचवां दिन
धीरेंद्र शास्त्री की सनातन एकता पदयात्रा सोमवार (12 नवंबर) को पांचवें दिन में प्रवेश कर गई। यात्रा पलवल जिले के तुमसरा गांव से शुरू हुई। इस दौरान उन्होंने नीले रंग की पोशाक पहनी हुई थी।दिल्ली धमाके के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं। हरियाणा पुलिस की पांच कंपनियां यात्रा के मार्ग पर तैनात की गई हैं और पूरे मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है।
भक्तिमय माहौल
यात्रा के दौरान ग्रामीण और युवा उत्साहपूर्वक स्वागत करते दिखे। कई लोग ट्रकों और पेड़ों पर चढ़कर फूल बरसाते नजर आए। धीरेंद्र शास्त्री ने भी रास्ते में बैठकर ढोल बजाया, जिससे माहौल और भक्तिमय बन गया। यात्रा फिलहाल बंचारी गांव में दोपहर के भोजन के लिए रुकी है। दिनभर में लगभग 16 किलोमीटर की दूरी तय करने के बाद रात्रि विश्राम होडल अनाज मंडी में होगा।





