नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। राजस्थान की राजधानी जयपुर में ड्रंक एंड ड्राइव का एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। तेज रफ्तार ऑडी कार ने सर्विस लेन में लगे फूड स्टॉल्स और ढाबों को कुचल दिया। इस भीषण हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 15 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आरोपी फरार हो गए, जबकि एक व्यक्ति को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
फूड स्टॉल्स को रौंदती चली गई कार
यह हादसा जयपुर के आउटर इलाके की पत्रकार कॉलोनी स्थित खरबास सर्किल के पास हुआ। रात करीब 10 बजे तेज रफ्तार ऑडी कार सबसे पहले सर्किल की बाहरी बाउंड्री से टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाउंड्री का हिस्सा टूट गया। इसके बाद कार बेकाबू होकर सर्विस लेन में घुस गई, जहां दोनों तरफ फूड स्टॉल्स और ढाबे लगे थे। कार ने वहां मौजूद दुकानदारों और ग्राहकों को कुचलते हुए कई स्टॉल्स को पलट दिया और आगे जाकर पेड़ से टकराकर पलट गई।
16 लोग चपेट में, 1 की मौत
हादसे में कुल 16 लोग इसकी चपेट में आए। गंभीर रूप से घायल भीलवाड़ा निवासी रमेश बैरवा की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। वह फूड स्टॉल पर हेल्पर का काम करता था। 15 लोग घायल हैं, जिनमें से 3 को प्राथमिक इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है। बाकी घायलों का इलाज अलग-अलग अस्पतालों में चल रहा है। पुलिस के मुताबिक ऑडी कार में चार लोग सवार थे। ड्राइवर समेत तीन लोग मौके से फरार हो गए, जबकि एक को हिरासत में लिया गया है। कार पर दमन और दीव का नंबर लगा हुआ था। पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है और फरार आरोपियों की तलाश में टीमें लगा दी गई हैं।
डिप्टी सीएम और मंत्री पहुंचे अस्पताल
सीएम भजनलाल शर्मा के निर्देश पर डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवा, स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर और गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेडम अलग-अलग अस्पतालों में पहुंचे और घायलों का हाल जाना। मंत्रियों ने पीड़ित परिवारों को भरोसा दिलाया कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सभी घायलों का इलाज सरकारी खर्च पर किया जा रहा है। डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवा ने कहा कि ड्रंक एंड ड्राइव के मामलों पर अब सख्ती बरती जाएगी। गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेडम ने भी कहा कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। इस घटना के बाद जयपुर पुलिस की ड्रंक एंड ड्राइव के खिलाफ कार्रवाई पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते कार को रोक लिया जाता तो इतना बड़ा हादसा नहीं होता। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।





