नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । जम्मू-कश्मीर पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए हरियाणा के फरीदाबाद से 300 किलो RDX, एक AK-47 राइफल और भारी मात्रा में गोला-बारूद बरामद किया है। यह कार्रवाई आतंकवाद और सुरक्षा को लेकर बड़ी कामयाबी मानी जा रही है।
यह बरामदगी कश्मीर से गिरफ्तार डॉक्टर आदिल अहमद राठर की निशानदेही पर की गई है। पुलिस के अनुसार, राठर के सहयोग से ही हरियाणा के फरीदाबाद से भारी मात्रा में विस्फोटक और हथियार बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार, डॉ. आदिल राठर की गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में कई अहम खुलासे हुए हैं। इससे पहले कश्मीर में उसके लॉकर से एक AK-47 राइफल और अन्य हथियार बरामद किए गए थे। फिलहाल राठर जम्मू-कश्मीर पुलिस की हिरासत में है और उससे पूछताछ जारी है।
फिलहाल, दोनों पुलिस की हिरासत में?
आतंकी डॉ. आदिल इस समय जम्मू-कश्मीर पुलिस की हिरासत में है। जांच में खुलासा हुआ है कि एक और डॉक्टर, डॉ. मुजमिल, जो कश्मीर का निवासी है, ने हरियाणा के फरीदाबाद में हथियारों और गोला-बारूद का जखीरा छिपाया था। दोनों फिलहाल पुलिस हिरासत में हैं और उनसे पूछताछ जारी है।
बड़ा हमला करने की थी साजिश
डॉक्टर आदिल से पूछताछ के दौरान मिले सुरागों के आधार पर जम्मू-कश्मीर पुलिस ने हरियाणा के फरीदाबाद में कार्रवाई की। छापेमारी में 300 किलो RDX, एक AK-47 राइफल और भारी मात्रा में कारतूस व अन्य हथियार बरामद किए गए।
बरामद विस्फोटक की बड़ी मात्रा को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि यह किसी बड़े आतंकी हमले की साजिश का हिस्सा हो सकता है। फिलहाल जांच एजेंसियां इस नेटवर्क के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी हैं और पूरे मामले की गहन जांच जारी है।
कौन है डॉ. मुजमिल, पुलिस जांच जारी
यह कार्रवाई श्रीनगर पुलिस के ऑपरेशन का हिस्सा है, जिसके तहत डॉक्टरों के एक नेटवर्क की जांच की जा रही है। पुलिस को शक है कि यह गिरोह जैश-ए-मोहम्मद और गजवत-उल-हिंद से जुड़े हो सकते हैं। जांच में सामने आया कि डॉ. मुजमिल फरीदाबाद के अल-फलाह मेडिकल कॉलेज में जूनियर डॉक्टर के रूप में तैनात था।


.jpg)


