back to top
29.1 C
New Delhi
Monday, March 2, 2026
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img

महज 500 रुपये की सैलरी से शुरू हुआ सफर, आज फैशन इंडस्ट्री का बादशाह है मनीष मल्होत्रा का नाम

500 रुपये महीने की सैलरी से करियर शुरू करने वाले मनीष मल्होत्रा आज बॉलीवुड के सबसे बड़े और सबसे पसंदीदा फैशन डिजाइनरों में शामिल हैं।

नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। देश के नामी और सबसे लोकप्रिय फैशन डिजाइनरों में शुमार मनीष मल्होत्रा आज अपना जन्मदिन मना रहे हैं। बॉलीवुड में उनका रुतबा किसी बड़े फिल्म स्टार से कम नहीं है। रेड कार्पेट हो, फैशन शो हो, किसी फिल्म का सेट हो या बड़ा अवॉर्ड फंक्शन-हर जगह मनीष मल्होत्रा के डिजाइन किए परिधान अपनी अलग पहचान बनाते हैं। आज उनके पास शोहरत और संपन्नता की कोई कमी नहीं है, लेकिन उनकी शुरुआत बेहद साधारण परिस्थितियों से हुई थी, जब उन्हें सिर्फ 500 रुपये महीने की सैलरी मिलती थी।

बचपन से ही फैशन की तरफ झुकाव

एक मीडिया बातचीत में मनीष मल्होत्रा ने अपने संघर्ष और सफलता की कहानी साझा की थी। उन्होंने बताया कि वह एक सामान्य पंजाबी परिवार में पले-बढ़े। बचपन से ही उन्हें अपनी मां का पूरा सहयोग मिला। पढ़ाई में उनकी खास रुचि नहीं थी, लेकिन फिल्मों को लेकर उनका जुनून बेहद गहरा था। वह हर नई रिलीज फिल्म देखने जरूर जाते थे। छठी कक्षा में उन्होंने पेंटिंग क्लास जॉइन की, जहां से उनके भीतर रंगों और कला के प्रति प्रेम और भी मजबूत होता चला गया। मां की साड़ियां चुनने से लेकर फैशन की बारीकियों पर नजर रखना, यही उनके सपनों को आकार देने लगा।

कॉलेज के दौरान बना फैशन की दुनिया से पहला नाता

कॉलेज के दिनों में मनीष ने मॉडलिंग के साथ-साथ एक बुटीक में काम करना शुरू किया। यहीं से उन्होंने डिजाइनिंग की बारीकियां सीखीं। इस बुटीक में उन्हें मात्र 500 रुपये महीने की सैलरी मिलती थी। मनीष बताते हैं कि उन्हें इस कम आमदनी से कोई शिकायत नहीं थी, क्योंकि विदेश जाकर पढ़ने की सुविधा उनके पास नहीं थी और यही बुटीक उनके लिए सीखने का सबसे बड़ा मंच बन गया। वह घंटों बैठकर लगातार स्केच बनाते और अपने हुनर को निखारते रहे। उनकी मेहनत रंग लाई और मात्र 25 वर्ष की उम्र में उन्हें पहला बड़ा ब्रेक मिला। जूही चावला की एक फिल्म में उन्हें बतौर कॉस्ट्यूम डिजाइनर काम करने का मौका मिला। हालांकि, उनके करियर को नई उड़ान फिल्म ‘रंगीला’ से मिली, जिसके लिए उन्हें फिल्मफेयर अवॉर्ड से नवाजा गया।

काम को लेकर शुरू में उठते थे सवाल

मनीष ने बताया कि करियर की शुरुआत में कई निर्माता उनसे नाराज भी हुआ करते थे, क्योंकि वह कहानी और किरदारों को लेकर काफी सवाल पूछते थे। जहां निर्माता सिर्फ अपने स्टार्स को ग्लैमरस दिखाना चाहते थे, वहीं मनीष किरदार की आत्मा के मुताबिक कपड़े डिजाइन करना चाहते थे। बाद में उनका यही अंदाज उनकी सबसे बड़ी पहचान बन गया।

2005 में लॉन्च किया अपना फैशन लेबल

साल 2005 में मनीष मल्होत्रा ने अपना खुद का फैशन लेबल लॉन्च किया। इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा। आज उनके डिजाइन देश ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी चमक बिखेर रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मनीष मल्होत्रा की मौजूदा नेट वर्थ करीब 15 मिलियन डॉलर बताई जाती है। संघर्ष, मेहनत और हुनर के बल पर 500 रुपये की सैलरी से शुरू हुआ मनीष मल्होत्रा का यह सफर आज लाखों युवाओं के लिए प्रेरणा बन चुका है।

Advertisementspot_img

Also Read:

spot_img

Latest Stories

Amitabh Bachchan ने सोशल मीडिया पर किया ऐसा ट्वीट, फैंस में मचा तहलका

नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। बॉलीवुड के मेगास्टार अमिताभ बच्चन सोशल...

बंगाल से राज्यसभा की दौड़ में नई एंट्री, ममता बनर्जी ने किया नॉमिनेट, आखिर कौन हैं कोयल मल्लिक?

नई दिल्‍ली/रफ्तार डेस्‍क । पश्चिम बंगाल में राज्यसभा की...

The Kerala Story 2 Day 1 Collection: कंट्रोवर्सी के बाद भी बॉक्स ऑफिस पर मजबूत ओपनिंग

नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। कोर्ट केस और सियासी विवादों के...

तेहरान समेत ईरान के कई इलाकों में विस्फोट, इजरायल की बड़ी सैन्य कार्रवाई का दावा

नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। अंतरराष्ट्रीय माहौल आज 28 फरवरी 2026...