नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय की एक मुस्लिम छात्रा की शिकायत से शुरू हुआ मामला अब एक बड़े षड्यंत्र का खुलासा कर चुका है। बता दें, मेरठ पुलिस ने साइबर क्राइम की जांच के बाद अलीगढ़ निवासी फिरोज को बिहार से दबोच लिया है। आरोपी पर सोशल मीडिया पर एडिटेड वीडियो डालकर ‘भगवा लव ट्रैप’ के नाम पर अफवाह फैलाने और समाज में धार्मिक तनाव भड़काने का आरोप है।
छात्रा को बनाया गया था निशाना, वीडियो से छेड़छाड़ कर फैलाई गई नफरत
पूरा मामला 28 अप्रैल का है, जब एक मुस्लिम छात्रा ने थाना मेडिकल में शिकायत दर्ज कराई। आरोप था कि एक सहपाठी के साथ उसका वीडियो इंटरनेट पर अपलोड कर उसे ‘भगवा लव ट्रैप’ से जोड़ते हुए अभद्र टिप्पणियां की गईं। जांच में सामने आया कि यह काम एक फेक इंस्टाग्राम अकाउंट से किया गया, जिसे अलीगढ़ निवासी फिरोज चला रहा था।
सोशल मीडिया को हथियार बनाकर फैलाई जा रही थी नफरत
पुलिस जांच में बड़ा खुलासा हुआ है आरोपी फिरोज सिर्फ एक वीडियो नहीं, बल्कि दर्जनों फर्जी अकाउंट्स से मुस्लिम युवतियों के वीडियो एडिट कर सोशल मीडिया पर अपलोड कर रहा था। इन पोस्ट्स में दावा किया जाता था कि हिंदू युवक मुस्लिम लड़कियों को प्रेमजाल में फंसा रहे हैं, जिससे देशभर में सांप्रदायिक माहौल बिगड़ रहा था।
विदेशी फंडिंग का था प्लान, खुद को बताता था ‘धर्म रक्षक’
खुफिया एजेंसियों की नजर में फिरोज खुद को ‘धर्म का रक्षक’ बताकर विदेशों से फंडिंग जुटाने की कोशिश कर रहा था। मेरठ पुलिस और साइबर सेल की सतर्कता से यह साजिश वक्त रहते बेनकाब हो गई। आरोपी के खिलाफ पहले से एक मामला मेरठ में दर्ज था, गिरफ्तारी से बचने के लिए वह बिहार में छिपा बैठा था।
साजिश में और भी नाम शामिल, मेरठ के युवकों की हो रही पहचान
पूछताछ में फिरोज ने कबूला कि उसके साथ मेरठ के कुछ अन्य युवक भी इस नेटवर्क का हिस्सा हैं। पुलिस अब उन नामों की गहन जांच में जुटी है। मेरठ एसएसपी डॉ. विपिन ताड़ा ने बताया कि आरोपी को संयुक्त टीम ने बिहार और अलीगढ़ में दबिश देकर पकड़ा। जल्द ही पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जाएगा।
विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने दी कड़ी प्रतिक्रिया, बोले- ‘ऐसे गद्दारों का हो एनकाउंटर’
मामले पर भाजपा विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि, जो देश और समाज को बांटने की साजिश करते हैं, उन्हें गोली मार देनी चाहिए। ऐसे गद्दारों के लिए सिर्फ एक ही सजा है एनकाउंटर। उनका बयान सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, वहीं विपक्षी दलों ने इसे सांप्रदायिक तनाव बढ़ाने वाला बताया है।
पुलिस की सख्त चेतावनी: अफवाह फैलाने वालों को नहीं बख्शा जाएगा
मेरठ पुलिस ने अब सोशल मीडिया पर निगरानी और तेज कर दी है। साइबर सेल हर उस पोस्ट पर नजर रख रही है जो समाज में जहर घोलने की कोशिश कर रही है। एसएसपी डॉ. ताड़ा ने कहा है कि अफवाह फैलाने वालों को चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मेरठ में कानून का राज है, नफरत की राजनीति की कोई जगह नहीं।





