नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक 15 दिसंबर तक देश के कई हिस्सों में ठंड का प्रकोप तेज रहने वाला है। 13 और 14 दिसंबर को दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक, तेलंगाना, ओडिशा और छत्तीसगढ़ में तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है। वहीं 13 दिसंबर को मध्य महाराष्ट्र और विदर्भ के कुछ इलाकों में भी शीतलहर की स्थिति बनी रहने की संभावना है।
मौसम विभाग ने बताया है कि मध्य महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, तेलंगाना के साथ-साथ दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक और ओडिशा के कई हिस्सों में ठंडी हवाएं लोगों को कंपकंपाने पर मजबूर कर सकती हैं। इसके अलावा उत्तर प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है, जिसको देखते हुए विभाग ने अलर्ट जारी किया है।
दिल्ली में आंशिक बादल और धुंध का अनुमान
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 13 दिसंबर को दिल्ली के आसमान में आंशिक रूप से बादल देखने को मिल सकते हैं। सुबह और शाम के समय हल्की धुंध छाए रहने की संभावना है। राजधानी में दिन का अधिकतम तापमान करीब 23 से 25 डिग्री सेल्सियस रह सकता है, जबकि रात के न्यूनतम तापमान के 8 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज होने का अनुमान है।
यूपी में कोहरे का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार 13 से 15 दिसंबर के दौरान पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में घना कोहरा छाए रहने की आशंका है। वहीं पूर्वी यूपी में भी सुबह के समय कोहरे की स्थिति बन सकती है, जिसके चलते दृश्यता प्रभावित होने की संभावना जताई गई है।
बिहार में भी कोहरे की चेतावनी
मौसम विभाग ने बिहार के कई जिलों में घने कोहरे को लेकर अलर्ट जारी किया है। चेतावनी के दायरे में राजधानी पटना के अलावा भागलपुर, पूर्णिया, गया और आरा जैसे जिले शामिल हैं। विभाग के अनुसार सुबह और शाम के समय सड़कों पर धुंध छाई रह सकती है, जिससे दृश्यता काफी घट सकती है। ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
झारखंड में बन सकती है शीतलहर जैसी स्थिति
मौसम केंद्र रांची के अनुसार झारखंड में शनिवार सुबह धुंध छाए रहने की संभावना है। दिन और रात दोनों समय ठंडी हवाएं चलने से शीतलहर जैसी स्थिति बन सकती है, जिससे लोगों को ठिठुरन का सामना करना पड़ेगा। मौसम विभाग का अनुमान है कि रात के तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है और यह स्थिति करीब तीन दिनों तक बनी रहेगी। हालांकि 14 और 15 दिसंबर से न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की हल्की बढ़ोतरी हो सकती है।
देश के कई राज्यों में छाएगा घना कोहरा
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 13 से 15 दिसंबर के बीच उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में सुबह के समय घना से बेहद घना कोहरा देखने को मिल सकता है। वहीं 16 और 17 दिसंबर को पूर्वी यूपी में भी कोहरे की स्थिति लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है। इसके अलावा 13 से 18 दिसंबर के दौरान नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी घने कोहरे की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने यह भी बताया है कि 13 और 14 दिसंबर को हिमाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में कोहरा छा सकता है, जिससे यातायात और दैनिक गतिविधियों पर असर पड़ सकता है।
पहाड़ों में बदलेगा मौसम, हल्की बारिश और बर्फबारी के आसार
मौसम विभाग के अनुसार 13 से 18 दिसंबर के बीच जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद के कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश दर्ज की जा सकती है। इस दौरान ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की भी संभावना जताई गई है। इसके अलावा 14 दिसंबर को हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के अलग-अलग हिस्सों में भी हल्की बारिश या बर्फबारी हो सकती है, जिससे पहाड़ी क्षेत्रों में ठंड और बढ़ने के आसार हैं।





