देवघर, 18 जून (हि.स.)। मधुपुर नगर परिषद अध्यक्ष के उपचुनाव को लेकर अनुमंडल पदाधिकारी योगेंद्र प्रसाद की अध्यक्षता में पदाधिकारियों की एक बैठक आहुत हुई। बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी के साथ कार्यपालक दंडाधिकारी प्रखंड विकास पदाधिकारी अंचलाधिकारी एवं कार्यपालक पदाधिकारी मौजूद थे। हालांकि, आज की बैठक में शहरी क्षेत्र के सभी बीएलओ को भी शामिल होना था लेकिन बारिश के कारण सभी लोग नहीं आ सके। सरकार की ओर से अध्यक्ष पद के उपचुनाव के लिए अध्यादेश जारी कर दिया गया है। यह संभावना जताई जा रही है कि अगस्त में देवघर नगर निगम के चुनाव के साथ मधुपुर नगर परिषद अध्यक्ष पद का भी चुनाव कराया जाएगा। उपचुनाव को लेकर प्रशासनिक महकमे में हलचल देखी जा रही है और इसी के बाबत उपचुनाव की तैयारियों को लेकर आज पदाधिकारियों की बैठक नगर परिषद कार्यपालक पदाधिकारी के कार्यालय में की गई । वहीं, मधुपुर नगर परिषद कार्यपालक पदाधिकारी ने बताया कि आज की बैठक में अध्यक्ष पद के उपचुनाव की तैयारियों को लेकर चर्चा की गई सभी वार्डों में शहर के सभी 44 बूथों पर क्या-क्या सुविधाएं उपलब्ध हैं और मतदाता सूची को संशोधित करने को लेकर भी बैठक में चर्चा हुई। उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष कोरोना से संक्रमित हो जाने के कारण मधुपुर नगर परिषद की अध्यक्षा लतिका मुर्मू का निधन हो गया था और उनके निधन के बाद से ही यह पद रिक्त है। मधुपुर नगर परिषद अध्यक्ष का पद अनुसूचित जन जाति के लिए आरक्षित है। हिन्दुस्थान समाचार/चन्द्र विजय




