नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। लोकसभा में लंबे समय से लंबित पड़े चुनाव सुधार (Electoral Reforms) पर आज से दो दिन की महत्वपूर्ण बहस शुरू हो रही है। इस चर्चा की शुरुआत लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी करने वाले हैं। संसद में आज माहौल गरम रहने की उम्मीद है, क्योंकि विपक्ष SIR (Special Intensive Revision) प्रक्रिया को लेकर फिर हमला बोल सकता है।
राहुल गांधी उठाएंगे “वोट चोरी” का मुद्दा
बीते महीनों में राहुल गांधी कई बार चुनाव आयोग और बीजेपी पर वोट चोरी के आरोप लगाते रहे हैं। सूत्रों के अनुसार, वे आज लोकसभा में वोटर लिस्ट में नाम जोड़ने और हटाने को लेकर SIR प्रक्रिया की पारदर्शिता और चुनाव आयोग की भूमिका पर विस्तार से बात करेंगे। माना जा रहा है कि राहुल गांधी कुछ नए तथ्य भी सदन में रख सकते हैं। कांग्रेस के साथ कई क्षेत्रीय दल भी इस बहस में आक्रामक रुख दिखाने की तैयारी में हैं। इनमें शामिल हैं टीएमसी, डीएमके, आप, सपा राजद ये दल चुनाव आयोग और सरकार पर टीका-टिप्पणी कर सकते हैं। चुनाव सुधार पर कुल 10 घंटे की बहस निर्धारित की गई है। सरकार का कहना है कि निर्वाचन आयोग एक स्वतंत्र और संवैधानिक संस्था है। इसी कारण सरकार ने SIR पर अलग चर्चा करने की जगह पूरे चुनाव सुधार पैकेज पर बहस कराने का प्रस्ताव दिया, जिसे विपक्ष ने माना।
बीजेपी ने उतारी दिग्गजों की टीम
सरकार की ओर से बहस में कई अनुभवी चेहरे शामिल होंगे निशिकांत दुबे, पी.पी. चौधरी अभिजीत गंगोपाध्याय, संजय जायसवाल ये नेता चुनाव सुधारों पर सरकार का पक्ष मजबूती से रखेंगे। राहुल गांधी के साथ कांग्रेस के ये सांसद भी बहस में शामिल होंगे के.सी. वेणुगोपाल, मनीष तिवारी, वर्षा गायकवाड़, मोहम्मद जावेद, उज्जवल रमन सिंह, ईसा खान, इमरान मसूद, रवि मल्लू, गोवाल पाडवी, जोतीमणि कुल 11 कांग्रेस सांसद इस बहस में अपनी बात रखेंगे।
राज्यसभा में ‘वंदे मातरम’ पर विशेष चर्चा
लोकसभा में चुनाव सुधार की गर्म बहस के बीच, राज्यसभा में भी एक ऐतिहासिक चर्चा होगी। मंगलवार दोपहर 1 बजे ‘वंदे मातरम’ के 150 साल पूरे होने पर विशेष चर्चा की जाएगी। शुरुआत करेंगे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, जो ‘वंदे मातरम’ की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि बताएंगे। चर्चा का समापन करेंगे जेपी नड्डा, जो 150 वर्षों की यात्रा पर प्रकाश डालेंगे। राधामोहन दास अग्रवाल, के. लक्ष्मण, घनश्याम तिवारी और सतपाल शर्मा भी अपने विचार रखेंगे।





