नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। बीजेपी सांसद अनुराग ठाकुर ने राहुल गांधी पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की आदत बन चुकी है कि बिना सबूत गलत और निराधार आरोप लगाते हैं। जब चुनाव आयोग उनसे सबूत या शपथ पत्र देने को कहता है, तो वे पीछे हट जाते हैं।
”ऑपरेशन कहां से चल रहा है, यह छुपा रहा है EC”
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि कर्नाटक CID ने चुनाव आयोग को 18 महीनों में 18 बार पत्र लिखकर IP एड्रेस, डिवाइस पोर्ट और OTP ट्रेल्स की जानकारी मांगी, लेकिन चुनाव आयोग ने अब तक जवाब नहीं दिया। राहुल का कहना है कि यह जानकारी छुपाई जा रही है क्योंकि इससे असली गुनहगार सामने आ जाएंगे।
“हाइड्रोजन बम निकला फुलझड़ी”
अनुराग ठाकुर ने कहा कि वोटर लिस्ट से नाम हटाने से पहले नोटिस दिया जाता है। ऑनलाइन कोई भी वोट डिलीट नहीं कर सकता। कांग्रेस सिर्फ चुनाव आयोग को बदनाम कर रही है। अनुराग ठाकुर ने यह भी तंज कसा कि कांग्रेस ने बड़े-बड़े दावे किए थे लेकिन अंत में सब बेबुनियाद साबित हुआ। उन्होंने कहा कि आलंद सीट पर खुद चुनाव आयोग ने एफआईआर दर्ज कराई थी और अब जांच कर्नाटक CID कर रही है।ठाकुर ने कहा कि आरोप लगाने के बाद माफी मांगना और कोर्ट से फटकार खाना राहुल गांधी का रोज़ का काम हो गया है। राहुल गांधी की हालिया प्रेस कॉन्फ्रेंस पर चुटकी लेते हुए ठाकुर बोले, “राहुल गांधी हाइड्रोजन बम फोड़ने की बात कर रहे थे, लेकिन उनकी बात फुलझड़ी निकली। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता केवल ड्रामा करते हैं लेकिन कोई ठोस सबूत सामने नहीं रखते। अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस की लगातार हार पर भी तंज कसा। उन्होंने दावा किया कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी करीब 90 चुनाव हार चुकी है। ठाकुर के अनुसार, यही वजह है कि राहुल गांधी और कांग्रेस की हताशा और निराशा लगातार बढ़ती जा रही है। अनुराग ठाकुर का मानना है कि राहुल गांधी बिना सबूत आरोप लगाते हैं, फिर पीछे हट जाते हैं और हार का ठीकरा दूसरों पर फोड़ते हैं। बीजेपी इसे कांग्रेस की निराशा का नतीजा बता रही है।





