नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। युजवेंद्र चहल के बाद अब टीम इंडिया का एक और खिलाड़ी अपनी निजी जिंदगी की वजह से चर्चा में है। पूर्व क्रिकेटर अमित मिश्रा की पत्नी गरिमा मिश्रा ने उनपर दहेज प्रताड़ना का गंभीर आरोप लगाया है। रिपोर्ट के मुताबिक गरिमा ने आरोप लगाया कि उन्हें दहेज के लिए परेशान किया जाता है। इतना ही नहीं बल्कि 10 लाख रुपये के साथ साथ कार की भी मांग की जाती है। जानकारी के मुताबिक गरिमा ने अमित मिश्रा के दूसरी महिलाओं के साथ संबंध होने की बात भी कही है। हालांकि इस मामले में अभी तक अमित मिश्रा की ओर से कोई भी बयान नहीं आया है।
अमित मिश्रा समेत पूरे परिवार पर मामला दर्ज
गरिमा मिश्रा ने अमित मिश्रा, उनके पिता (शशिकांत मिश्रा), माता (बीना मिश्रा), जेठ अमर मिश्रा, जेठानी ऋतू मिश्रा और ननद स्वाति मिश्रा को भी इसमें आरोप बनाया है और घरेलू हिंसा का मामला दर्ज करवाया है। इसकी एवज में उन्होंने 1 करोड़ रुपये के मुआवजे की भी मांग की है। रिपोर्ट के मुताबिक कोर्ट ने आरोपियों के खिलाफ नोटिस जारी कर दिया है और अगली सुनवाई के लिए 26 मई का दिन तय किया है।
पत्नी गरिमा ने लगाए गंभीर आरोप
अमित मिश्रा की पत्नी गरिमा ने उनपर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि दहेज की एवज में उनके साथ घरेलू हिंसा होती है। गरिमा के मुताबिक अमित के परिवारवालों ने शादी के समय विदाई इसलिए रोक दी थी क्योंकि उनकी दहेज की मांग पूरी नहीं हुई थी। जब ढाई लाख रुपये दिए गए तब जाकर विदाई हुई। इसके असावा उन्होंने ये भी कहा कि मॉडलिंग से जो भी पैसे वो कमाती हैं वह भी अमित मिश्रा छीन लेते थे। उनके अनुसार अमित मिश्रा इंस्टाग्राम पर अन्य लड़कियों से बात करते हैं और उन्हें तलाक की धमकी देते थे।





