नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। ईरान के राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी की 19 मई को हेलीकॉप्टर दुर्घटना में मौत हो गई है। तवरीज शहर में उनका अंतिम संस्कार होगा। इस दौरान लाखों की संख्या में लोगों के आने की आशंका है। ईरानी सरकार और आर्मी उन्हें राजकीय सम्मान के साथ विदा करेगी। इस दौरान भारत ने भी आज एक दिन का राष्ट्रीय शोक का ऐलान किया है।
हेलीकॉप्टर दुर्घटना में हुई मौत
ईरान के राष्ट्रपति का हेलीकॉप्टर ईरान के पूर्वी अजरबैजान जिले में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। ईरान की समाचार एजेंसी आईआरएनए के मुताबिक रईसी के साथ हेलीकॉप्टर में ईरान के विदेश मंत्री होसैन अमीर अब्दुल्लाहियान और पूर्वी अजरबैजान के गवर्नर मलिक रहमती समेत कई लोग सवार थे। इस हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई है। पहाड़ी इलाके और मौसम खराब होने की वजह से बचाव दल को अभियान चलाने में काफी दिक्कतों का सामना उठाना पड़ा।
भारत ने किया राजकीय शोक का ऐलान
ईरान और भारत के संबंध काफी मजबूत हैं, भारत ने आज राजकीय शोक का ऐलान किया है। आज पूरे भारत में उन सभी ईमारतों पर राष्ट्रीय ध्वज आधा झूका रहेगा, जहां नियमित तौर पर झंडे फहराए जाते हैं। नई दिल्ली में स्थित ईरान के दूतावास में 20 मई को ईरानी झंडे को झूका दिया गया। इसे शोक का प्रतीक कहा जाता है। भारत में आज कोई भी सरकारी कार्यक्रम नहीं होगा।
5 दिन के राष्ट्रीय शोक का ऐलान
ईरान ने 5 दिन का राष्ट्रीय शोक का ऐलान किया है। तबरीज शहर में आज रईसी का अंतिम संस्कार होगा। रईसी को राष्ट्रीय सम्मान के साथ विदा किया जाएगा। इब्राहिम रईसी 2021 में ईरान के राष्ट्रपति बने थे। उन्होंने मोहम्मद मोखबर को ईरान का उपराष्ट्रपति घोषित किया था। आज हुई कैबिनेट मीटिंग में कई अहम फैसले लिए गए जिनमें नए अंतरिम राष्ट्रपति और विदेश मंत्री के नाम पर मुहर लगी। मोहम्मद मोखबर ईरान की राजनीति में इब्राहिम रईसी के बाद देश के दूसरे सबसे बड़े नेता हैं। इसके अलावा ये भी तय किया गया कि अगले 50 दिनों में ईरान में राष्ट्रपति पद के लिए चुनाव होगा। चुनाव के परिणाम आने तक राष्ट्रपति मोहम्मद मोखबर को राष्ट्र की जिम्मेदारी संभालनी होगी।
अन्य ख़बरों के लिए क्लिक करें – www.raftaar.in





