नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। हांगकांग के ताईपो इलाके में कई बहुमंजिला इमारतों में भयंकर आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैल गई कि कुछ ही देर में 7 बिल्डिंग्स इसकी चपेट में आ गईं। अब तक 44 लोगों के मारे जाने की पुष्टि हुई है और करीब 300 लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं।
आग की लपटों ने मचाई दहशत
फायर सर्विसेज डिपार्टमेंट (FSD) के मुताबिक, आग की सूचना दोपहर 2:51 बजे मिली और 3:30 बजे इसे नंबर-4 अलार्म फायर घोषित किया गया, जो हांगकांग में दूसरा सबसे बड़ा अलार्म स्तर है। आग की लपटें कई किलोमीटर दूर से दिखाई दीं। इमारतों से उठते धुएं के कई वीडियो भी सामने आए
90% लोगों को सुरक्षित निकाला गया
फायर सर्विस ने बताया कि लगभग 90 फीसदी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, लेकिन अभी भी बड़ी संख्या में लोग फंसे हुए हैं। बचाव दल का ऑपरेशन लगातार जारी है। कई सड़कों को बंद कर दिया गया है और इलाके में आपात स्थिति बनी हुई है। पुलिस ने आग की घटना को संदिग्ध मानते हुए जांच शुरू कर दी है। इस मामले में अब तक तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। प्रशासन यह पता लगाने की कोशिश कर रहा है कि आग कैसे भड़की और इतनी तेजी से कैसे फैल गई।
लोगों को घरों में रहने की अपील
अधिकारियों ने आसपास के घरों में रह रहे लोगों से बाहर न निकलने, दरवाजे-खिड़कियां बंद रखने और शांत रहने की अपील की है। धुएं और आग के कारण हवा में जहरीली गैस फैलने की आशंका जताई गई है। हांगकांग में करीब 17 साल पहले भी इसी तरह की विनाशकारी आग लगी थी, जिसमें 4 लोगों की मौत हुई थी। हालांकि इस बार नुकसान कहीं ज्यादा बड़ा है। घायल और प्रभावित लोगों के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी कर दिए गए हैं। फायर कर्मी और स्थानीय प्रशासन युद्धस्तर पर राहत कार्य चला रहे हैं। घायलों को नज़दीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। सरकार ने नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने और आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करने की अपील की है।





