नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । राजधानी दिल्ली की सियासत में तब हलचल मच गई जब प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मंगलवार (26 अगस्त) को आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता और दिल्ली के पूर्व मंत्री सौरभ भारद्वाज के घर समेत 13 जगहों पर रेड मारी गई। ईडी ने यह कार्रवाई दिल्ली-NCR के विभिन्न इलाकों में की गई।
मामला अस्पताल निर्माण घोटाले से जुड़ा होना बताया जा रहा है। वहीं, इस पर राजनीतिक महकमों में घमासान मचा हुआ है। छापेमारी के बाद आप नेताओं की ओर से तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है। AAP संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पीएम मोदी और बीजेपी पर तंज कसा है। कहा है कि AAP इस तरह की रेडों से डरने वाली नहीं है।
मोदी सरकार AAP के पीछे पड़ गई है- अरविंद केजरीवाल
दिल्ली के पूर्व सीएम और AAP संयोजक अरविंद केजरीवाल ने इस कार्रवाई को मोदी सरकार का एजेंसियों का दुरुपयोग बताया। उन्होंने कहा, “सौरभ भारद्वाज के घर ईडी की रेड मोदी सरकार द्वारा एजेंसीज के दुरुपयोग का एक और मामला है। हम इस तरह की रेड से डरने वाले नहीं है।
बीजेपी इन रेड्स से हमें डरा नहीं सकती- अरविंद केजरीवाल
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि, ‘AAP’ को इसलिए टारगेट किया जा रहा है क्योंकि हम गलत नीतियों और भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज बुलंद करती है।” उन्होंने दावा किया कि बीजेपी इन रेड्स से हमें डरा नहीं सकती। मोदी सरकार AAP के पीछे पड़ गई है। जिस तरह “AAP” को टारगेट किया जा रहा है, ऐसे इतिहास में किसी पार्टी को नहीं किया गया।
‘आप’ का सख्त रुख और सियासी संदेश
आप नेताओं ने साफ किया कि पार्टी ईडी की छापेमारी जैसी कार्रवाइयों से डरने वाली नहीं है और देशहित में भ्रष्टाचार व गलत नीतियों के खिलाफ लड़ाई जारी रखेगी। उनका आरोप है कि मोदी सरकार विपक्ष को कमजोर करने के लिए ईडी का दुरुपयोग कर रही है। वहीं, ईडी का कहना है कि ये कदम केवल जांच प्रक्रिया का हिस्सा हैं और आगे की कार्रवाई सबूतों पर आधारित होगी।
कॉन्ट्रैक्ट में धांधली के आरोप
ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग निवारण अधिनियम (PMLA) 2002 की धारा 17 के तहत 13 अलग-अलग ठिकानों पर सर्च ऑपरेशन चलाया है, जिसमें सौरभ भारद्वाज का घर भी शामिल है। एजेंसी को संदेह है कि अस्पताल निर्माण से जुड़े कॉन्ट्रैक्ट में वित्तीय गड़बड़ी हुई है। इससे पहले भी कई दस्तावेज और सबूत जुटाए गए थे, लेकिन अब ईडी संभावित नए लिंक तलाश रही है।





