नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। टीम इंडिया के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या ने लंबे समय बाद लिस्ट-ए क्रिकेट में वापसी की और मैदान पर आते ही अपने बल्ले का कमाल दिखाया। विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 के ग्रुप-बी मुकाबले में बड़ौदा और विदर्भ की टीमों के बीच खेले गए मैच में हार्दिक ने सिर्फ 68 गेंदों में शतक ठोककर अपने फैंस को रोमांचित कर दिया। यह हार्दिक का लिस्ट-ए क्रिकेट करियर का पहला शतक है, जो उनके 119वें मैच में आया।
इंटरनेशनल में ही टीम इंडिया के लिए शानदार प्रदर्शन किया था
हार्दिक के लिए यह मैच काफी अहम था, क्योंकि उन्होंने पिछले एक साल में केवल टी20 इंटरनेशनल में ही टीम इंडिया के लिए शानदार प्रदर्शन किया था, लेकिन वनडे में वे चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के बाद मैदान पर नहीं उतरे थे। इस मुकाबले में हार्दिक ने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से न केवल टीम को मुश्किल स्थिति से बाहर निकाला, बल्कि दर्शकों को भी उनका जबरदस्त खेल दिखाया।
मैच की शुरुआत और पारी की स्थिति
मैच में बड़ौदा को पहले बल्लेबाजी का मौका मिला, लेकिन टीम ने 71 रन पर आधी टीम खो दी, जिससे स्थिति चुनौतीपूर्ण हो गई। इसी समय मैदान पर आए हार्दिक पांड्या ने अपने भाई क्रुणाल पांड्या के साथ मिलकर पारी को संभाला और रन बनाने की गति बनाए रखी। हार्दिक और क्रुणाल ने छठे विकेट के लिए 65 रन की साझेदारी की। क्रुणाल ने 23 रन बनाए और पवेलियन लौटे।
हार्दिक ने यहां से रनों की गति और तेज कर दी और राज लिम्बनी के साथ मिलकर 8वें विकेट के लिए 77 रनों की साझेदारी की। इस साझेदारी के दम पर बड़ौदा की टीम का स्कोर 250 के पार गया। हार्दिक ने इस दौरान शानदार शॉट खेलते हुए अपने शतक को केवल 68 गेंदों में पूरा किया। कुल मिलाकर उन्होंने 92 गेंदों में 133 रन बनाए, जिसमें 8 चौके और 11 छक्के शामिल थे। उनका स्ट्राइक रेट इस पारी में 144.57 रहा।





