नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। देश की सेवा में तैनात जवान कपिल पंवार के साथ मेरठ के भूनी टोल प्लाजा पर हुई मारपीट ने एक बार फिर समाज में सैनिकों के प्रति सम्मान की कमी को उजागर कर दिया है। श्रीनगर जाने वाली उड़ान के लिए दिल्ली एयरपोर्ट जा रहे गोटका गांव के रहने वाले कपिल पंवार के साथ टोल प्लाजा कर्मचारियों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया था। घायल कपिल फिलहाल सैन्य अस्पताल में भर्ती हैं और उनका दर्द मन को झकझोर देने वाला है।
शरीर के जख्म तो भर जाएंगे, लेकिन दिल का घाव… जिंदगीभर रहेगा, कपिल ने बताया। सीमा पर देश की रक्षा में कोई डर नहीं, पर अपने ही देश में अपमान ने उनकी हिम्मत को हिलाकर रख दिया। साथ ही गाड़ी में मौजूद उनके परिवार के सदस्य भी नाउम्मीद होकर देखते रह गए, क्योंकि गाड़ी का लॉक जाम हो गया था।
घटना 17 अगस्त की रात की है, जब कपिल दिल्ली हवाई अड्डे जा रहे थे। टोल प्लाजा पर पहचान पत्र दिखाकर अपनी गाड़ी को जल्दी निकालने का अनुरोध किया, लेकिन टोल कर्मचारियों ने नहीं सुनी, उल्टा उनके साथ बर्बरता की। कपिल के पिता और परिजन भी सदमे में हैं और न्याय की कड़ी मांग कर रहे हैं।
NHAI ने टोल ऑपरेटर पर लगाया जुर्माना
इस मामले की गहन जांच के बाद, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने धरम सिंह टोल ऑपरेटर पर 20 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। साथ ही 3.70 करोड़ की सुरक्षा राशि भी ज़ब्त कर दी गई है और एक साल के लिए इस एजेंसी को ब्लैकलिस्ट कर दिया गया है। बागपत के परियोजना निदेशक नरेंद्र सिंह ने कहा, “भविष्य में केवल संवेदनशील और विनम्र कर्मियों को ही तैनात किया जाएगा।
पुलिस की कार्रवाई तेज
मेरठ पुलिस ने अब तक 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनमें से रवि (19) को मंगलवार देर रात पकड़ लिया गया। बाकी आरोपी फरार हैं। पुलिस ने हत्या के प्रयास, लूटपाट और गैरकानूनी जमावड़ा के तहत केस दर्ज कर जांच तेज कर दी है।
सेना ने जताया गहरा दुःख
भारतीय सेना की मध्य कमान ने इस वारदात की निंदा करते हुए कहा कि देश के सैनिकों के सम्मान और सुरक्षा के लिए हर संभव कदम उठाया जाएगा। उन्होंने उत्तर प्रदेश पुलिस से न्याय की मांग की है।
यह घटना हमें याद दिलाती है कि देशभक्तों के प्रति सम्मान और संवेदनशीलता कितनी ज़रूरी है। सीमा पर देश की रक्षा करने वाले जवानों के साथ इस तरह का बर्ताव न केवल कायरता है, बल्कि पूरे समाज के लिए शर्म की बात भी।





