नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। उत्तराखंड के चमोली जिले से बड़ी खबर सामने आई है। थराली तहसील में देर रात बादल फटने की घटना हुई है। इस हादसे से इलाके में भारी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। कई घरों और एसडीएम आवास में मलबा घुस गया है।
2 लोग लापता, कई घर क्षतिग्रस्त
जिला मजिस्ट्रेट (DM) संदीप तिवारी ने बताया कि बादल फटने से काफी मलबा आया है, जिससे कई मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं। घटना में 2 लोगों के लापता होने की सूचना है। घटना रात करीब 1 बजे की है। पुलिस और SDRF की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया। पुलिस ने रात में ही मुस्तैदी दिखाते हुए लोगों को सतर्क किया। उत्तराखंड आपदा प्रबंधन सचिव विनोद कुमार सुमन ने बताया कि थराली क्षेत्र में घरों, बाजार और एसडीएम आवास में मलबा भर गया है। राहत दल और जिला मजिस्ट्रेट घटनास्थल पर पहुंचकर हालात का जायजा ले रहे हैं।
मुख्यमंत्री धामी की अपील
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस घटना पर दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि “जिला प्रशासन, SDRF और पुलिस राहत-बचाव कार्यों में जुटे हैं। मैं लगातार स्थिति की निगरानी कर रहा हूं और प्रभावित लोगों की सुरक्षा की प्रार्थना करता हूं। अभी राहत और बचाव कार्य जारी है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। सागवाड़ा गांव में एक व्यक्ति के मलबे में दबने की सूचना है। जबकि इसी गांव में 20 वर्षीय लड़की की मलबे में दबे होने की जानकारी मिल रही है। सूचना मिलने के बाद ,SDRF की टीम गौचर से घटना स्थल के लिए रवाना हो गई है। वहीं, आज तीनों विकासखंडों थराली, देवाल और नारायणबगड़ के सभी स्कूलों में भारी बारिश को देखते हुए अवकाश घोषित कर दिया गया है।





