नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। बुधवार को हिमाचल प्रदेश की सांसद और बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रनौत मंडी पहुंचीं। यहां उन्होंने नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के साथ प्राचीन सिद्धकाली माता मंदिर में आरती की और यज्ञ अनुष्ठान में हिस्सा लिया। कंगना ने कहा कि यह यज्ञ प्राकृतिक आपदा से निजात और विश्व कल्याण के उद्देश्य से किया गया है।
आपदा क्षेत्र से दूर रहने पर उठे सवाल
जब कंगना से पूछा गया कि वो अब तक आपदा प्रभावित इलाकों में कम क्यों दिखीं, तो उन्होंने जवाब दिया, “भड़काऊ बातें वो लोग करते हैं, जो खुद कुछ नहीं कर पाते। हम दिन-रात मंडी संसदीय क्षेत्र की जनता के लिए काम कर रहे हैं। यह कोई निजी काम नहीं है, बल्कि जनता की सेवा है।
CM फेस को लेकर कंगना का जवाब
कंगना रनौत से पूछा गया कि क्या बीजेपी उन्हें आगामी विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री का चेहरा बना सकती है? इस पर उन्होंने साफ कहा, “राजनीति में निजी महत्वाकांक्षा नहीं हो सकती। मुझे जिस काम में लगाया जाएगा, मैं उसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आशीर्वाद से पूरी योग्यता के साथ निभाऊंगी। मेरे परिवार को पता है कि मैं जिस काम को करने की ठान लेती हूं, वो पूरा करके दिखाती हूं।
हिमाचल के लिए केंद्र के पैकेज की तारीफ
कंगना रनौत ने पीएम नरेंद्र मोदी द्वारा हिमाचल के लिए घोषित 1500 करोड़ रुपये की मदद पर कहा कि इससे पहले भी 2200 करोड़, 2300 करोड़ और 1800 करोड़ रुपये की राशि केंद्र से मिल चुकी है। उनका दावा है कि अब तक 10 हजार करोड़ रुपये तक की सहायता राशि हिमाचल प्रदेश को मिल चुकी है।
पर्यावरण बचाने की अपील
कंगना ने बताया कि वे रामकृष्ण परमहंस, स्वामी विवेकानंद ट्रस्ट और ईशा योगा सेंटर जैसी संस्थाओं से जुड़ी हैं और अपनी कमाई का बड़ा हिस्सा चैरिटी में देती हैं। उन्होंने कहा कि लाखों पेड़ लगवाए गए हैं और इसे जन आंदोलन बनाने की जरूरत है। हिमाचल में पेड़ काटने की परंपरा रोकनी होगी। एक पेड़ मां के नाम अभियान में हर हिमाचली को बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए।





