नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। झारखंड के धनबाद में शनिवार 6 सितंबर को बड़ा हादसा हो गया। कोयला खदान में लैंडस्लाइड होने से मजदूरों को ले जा रही सर्विस वैन 400 फीट गहरी खाई में गिर गई। हादसे में 6 मजदूरों की मौत हो गई है।
कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के अनुसार मां अंबे कंपनी की वैन से मजदूरों को खदान क्षेत्र तक ले जाया जा रहा था। इसी दौरान अचानक खदान के रास्ते में भूधसान लैंडस्लाइड हो गया और वैन सीधे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद अफरातफरी मच गई। कई मजदूर मलबे में दब गए और पानी भरे खदान में फंस गए।
सांसद ढुल्लू महतो ने की पुष्टि
घटना की सूचना मिलते ही सांसद ढुल्लू महतो मौके पर पहुंचे। उन्होंने 6 मजदूरों की मौत की पुष्टि की और बीसीसीएल प्रबंधन को हादसे का जिम्मेदार ठहराया। साथ ही उच्च स्तरीय जांच की मांग की। बीसीसीएल अधिकारी, रेस्क्यू टीम, कतरास थाना और आसपास के पुलिस बल मौके पर पहुंच गए। वैन को खाई से बाहर निकाल लिया गया है। कुछ मजदूरों को बचाकर अस्पताल भेजा गया, लेकिन कई की जान नहीं बचाई जा सकी। डीजीएमएस (खान सुरक्षा महानिदेशालय) और गोताखोरों की टीम भी जांच और बचाव कार्य में जुटी है।
बीसीसीएल के खिलाफ गुस्सा
स्थानीय लोगों ने बीसीसीएल के खिलाफ नारेबाजी की। उनका आरोप है कि खदान क्षेत्र में सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जा रहा। यूनियन नेताओं का कहना है कि आउटसोर्सिंग कंपनी ने डीजीएमएस के नियमों का उल्लंघन कर उत्खनन किया, जिससे यह बड़ा हादसा हुआ। स्थानीय लोगों का दावा है कि हादसे के वक्त खदान में अवैध कोयला उत्खनन भी चल रहा था और कई लोग उसमें फंसे हो सकते हैं। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अब तक नहीं हुई है। इस हादसे के बाद प्रशासन ने आसपास के क्षेत्रों में अलर्ट जारी कर दिया है। रामकनाली इलाके में भी शुक्रवार को भूधसान हुआ था, जिसमें कई घर जमींदोज हो गए थे। जिला प्रशासन ने प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थान पर भेजने की व्यवस्था शुरू कर दी है।





