नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। राजधानी दिल्ली में सोमवार सुबह अचानक हड़कंप मच गया। द्वारका के दो स्कूल और एक कॉलेज को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली। धमकी मिलते ही प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनज़र सभी स्कूलों और कॉलेज को तुरंत खाली करा दिया। इनमें दिल्ली पब्लिक स्कूल, द्वारका भी शामिल है।
ईमेल से मिली धमकी
जानकारी के अनुसार स्कूल और कॉलेज प्रशासन को ईमेल के जरिए धमकी भेजी गई। धमकी की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और बम निरोधक दस्ते मौके पर पहुंच गए। फायर विभाग को सुबह 7 बजकर 24 मिनट पर इसकी जानकारी दी गई। तलाशी अभियान में अब तक कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है। 16 जुलाई को भी मिली थी धमकी यह पहली बार नहीं है जब दिल्ली में इस तरह की घटना हुई हो। 16 जुलाई को पांच स्कूलों और कॉलेजों को भी इसी तरह ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। इनमें द्वारका, पश्चिम विहार और हौज खास के स्कूल शामिल थे। उस समय भी पुलिस ने सभी जगह तलाशी ली थी लेकिन कोई विस्फोटक सामग्री नहीं मिली।
छात्रों और अभिभावकों में दहशत
लगातार धमकी भरे ईमेल से छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों में डर का माहौल है। कई अभिभावक अपने बच्चों को लेकर चिंतित नजर आए। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और धमकी देने वालों की तलाश जारी है। बता दें की इससे पहले देश के आर्थिक केंद्र बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) को ईमेल के जरिए धमकी दी गई थी। मेल में दावा किया गया कि बीएसई टावर में चार आईईडी बम प्लांट किए गए हैं, जो दोपहर 3 बजे फटेंगे। इसके बाद बीएसई परिसर को खाली कराया गया और सुरक्षा बढ़ा दी गई थी। बम स्क्वॉड की जांच में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला था। फिर अमृतसर में स्वर्ण मंदिर को मिली धमकी शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक समिति (SGPC) को ईमेल के जरिए स्वर्ण मंदिर को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी।





