नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । झारखंड के शिक्षा मंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के वरिष्ठ विधायक रामदास सोरेन का शुक्रवार, 15 अगस्त को दिल्ली में निधन हो गया। वे बीते कुछ दिनों से दिल्ली के एक निजी अस्पताल में भर्ती थे, जहां इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की जानकारी उनके बेटे ने सोशल मीडिया के जरिए दी। रामदास सोरेन इसी महीने की शुरुआत में अपने आवास पर बाथरूम में फिसलकर गिर गए थे, जिससे उन्हें सिर में गंभीर चोट लगी थी। चोट के कारण उन्हें ब्रेन हैमरेज हुआ और तबीयत बिगड़ने पर बेहतर इलाज के लिए दिल्ली ले जाया गया था। हालत लगातार नाजुक बनी हुई थी और डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।
बता दें कि घाटशिला से दो बार विधायक रह चुके रामदास सोरेन को 30 अगस्त 2024 को झारखंड सरकार में शिक्षा मंत्री के रूप में शपथ दिलाई गई थी। वे क्षेत्र में एक सरल और जमीन से जुड़े नेता के तौर पर पहचाने जाते थे। उनके निधन से राज्य की राजनीति को गहरी क्षति पहुंची है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उनके निधन पर शोक जताते हुए भावुक शब्दों में कहा, “ऐसे छोड़कर नहीं जाना था रामदास दा… अंतिम जोहार दादा।”
कांग्रेस विधायक श्वेता सिंह ने जताया शोक
बोकारो से कांग्रेस विधायक श्वेता सिंह ने शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह केवल झारखंड की राजनीति ही नहीं, बल्कि पूरे राज्य के लिए एक अपूरणीय क्षति है। श्वेता सिंह ने अपने शोक संदेश में कहा, “श्री रामदास सोरेन के निधन की खबर ने मुझे स्तब्ध कर दिया है। उनका सरल स्वभाव, जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता और शिक्षा के क्षेत्र में दिया गया योगदान हमेशा स्मरणीय रहेगा।” उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को यह दु:ख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। अंत में उन्होंने ‘ॐ शांति’ कहकर श्रद्धांजलि अर्पित की।
पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने भी किया शोक व्यक्त
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने भी शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन के निधन पर गहरा दुख प्रकट किया है। उन्होंने अपने शोक संदेश में कहा कि रामदास सोरेन के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। उन्होंने कहा, “झारखंड के स्कूली शिक्षा एवं निबंधन मंत्री रामदास सोरेन जी के निधन की सूचना से मन व्यथित है। बाबा बैद्यनाथ से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को शांति और शोक संतप्त परिजनों को यह असीम पीड़ा सहने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति।”
कोल्हान क्षेत्र ने अपना अभिभावक खो दिया – संजीब सरदार
झामुमो विधायक संजीब सरदार ने रामदास सोरेन के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उन्हें कोल्हान की राजनीति और जनसेवा का मजबूत स्तंभ बताया। उन्होंने कहा, “माननीय शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन जी का निधन बेहद दुखद है। यह केवल एक नेता का नहीं, बल्कि कोल्हान क्षेत्र ने अपना अभिभावक खो दिया है, जिसकी भरपाई संभव नहीं।” उन्होंने आगे कहा कि यह क्षति क्षेत्र की राजनीति और जनसेवा के क्षेत्र में अपूरणीय है। संजीब सरदार ने मरांग बुरू से दिवंगत आत्मा की चिरशांति और शोकाकुल परिजनों को धैर्य एवं शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। अंत में उन्होंने उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की।





