नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि जब भी वह सदन में अपनी बात रखने के लिए खड़े होते हैं, उन्हें बोलने नहीं दिया जाता।
कार्यवाही स्थगित होने से नहीं रख पाए अपनी बात
दरअसल, लोकसभा में राहुल गांधी जब बोलने के लिए खड़े हुए तो अध्यक्ष ओम बिरला ने उन्हें सदन के नियमों का पालन करने की नसीहत दी। राहुल गांधी इस पर कुछ कहना चाहते थे, लेकिन तभी सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी गई। इसके बाद जब राहुल गांधी बाहर आए तो उन्होंने मीडिया से कहा कि उन्हें लोकसभा में बोलने ही नहीं दिया जाता।
सदन की मर्यादा बनाए रखने की सलाह
स्पीकर ओम बिरला ने कहा कि सदन में आचरण और मर्यादा बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने यह भी कहा कि लोकसभा की कार्यवाही के दौरान कुछ घटनाएं हुई हैं, जो सही नहीं थीं। इसलिए नेता विपक्ष को सदन के नियमों के तहत व्यवहार करना चाहिए।
ओम बिरला की अपील
ओम बिरला ने सदन में कहा, “लोकसभा की परंपराओं को बनाए रखना हमारी जिम्मेदारी है। यहां पिता-पुत्री, मां-बेटी और पति-पत्नी भी सदस्य रहे हैं, इसलिए मर्यादा का पालन जरूरी है। मुझे उम्मीद है कि नेता प्रतिपक्ष भी इसी गरिमा को बनाए रखेंगे। राहुल गांधी के इस आरोप के बाद राजनीतिक गलियारों में हलचल मच गई है। अब देखना होगा कि आगे लोकसभा की कार्यवाही कैसे आगे बढ़ती है।
स्पीकर से मिलने पहुंचे 70 सांसद
राहुल गांधी को बोलने ना दिए जाने और स्पीकर के नाम लिए जाने पर 70 सांसद स्पीकर से जाकर मिले। हालांकि, स्पीकर ने उन्हें 15-20 मिनट बाद आकर मिलने के लिए कहा। इस दौरान कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने कहा कि विपक्ष को बोलने नहीं दिया जा रहा है। जब भी विपक्ष बोलता है तो कोई ना कोई नया रूल लेकर आ जाते हैं।





