नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क । जरा सोचिये यदि आपके पास दुनिया की सारी चीजें हैं, लेकिन अच्छी सेहत नहीं है तो क्या होगा। लेकिन आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में हर कोई पढ़ाई, नौकरी या किसी अन्य कारणवश अपने स्वास्थ्य को नज़रअंदाज़ कर रहा है। ऐसे में लोगों को उनके स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से हर साल आज के दिन यानी 7 अप्रैल को विश्व स्वास्थ्य दिवस मनाया जाता है।
जानिए वर्ल्ड हेल्थ डे का इतिहास, थीम और महत्व
बता दें कि विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) की स्थापना 7 अप्रैल 1948 को हुई थी। उसी दिन को याद करते हुए हर साल इस दिन को वर्ल्ड हेल्थ डे के रूप में मनाया जाता है। इसकी शुरुआत साल 1950 में हुई थी। विश्व स्वास्थ्य संगठन ही हर साल विश्व स्वास्थ्य दिवस मनाने की थीम तय करता है। विश्व स्वास्थ्य दिवस स्वास्थ्य और सेहत से जुड़ी महत्वपूर्ण समस्याओं पर चर्चा करने, समाधान सुझाने और जागरूकता फैलाने का एक सशक्त माध्यम है।
ये है इस साल की थीम
हर साल वर्ल्ड हेल्थ डे को मनाने के लिए विश्व स्वास्थ्य संगठन एक खास थीम निर्धारित करता है। इस साल विश्व स्वास्थ्य दिवस 2025 की थीम “स्वस्थ शुरुआत, आशाजनक भविष्य” रखी है। जिसके तहत मातृ एवं नवजात शिशु के स्वास्थ्य पर केंद्रित एक अभियान पूरे साल चलाया जाएगा। यह थीम माताओं और नवजात शिशुओं के स्वास्थ्य और उनकी सुरक्षा पर केंद्रित है। जिसका उद्देश्य प्रेगनेंसी, डिलीवरी और पोस्टपार्टम केयर के समय उच्च गुणवत्ता वाली सेवाओं की जरूरतों पर ध्यान देना है।
इस दिन को मनाए जाने का महत्व
विश्व स्वास्थ्य दिवस को मनाने का मकसद लोगों को उनकी सेहत के प्रति सचेत करते हुए स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतों को दूर रखने के लिए जागरूक करना है। जीवन में स्वास्थ्य ही सबसे धन है। विश्व स्वास्थ्य दिवस महज एक दिवस नहीं है बल्कि एक मुहिम है जो लोगों को यह बताती है कि स्वास्थ्य कितना महत्वपूर्ण होता है।
भारत में स्वास्थ्य क्षेत्र में तेजी से से हो रहा है काम
भारत सरकार भी स्वास्थ्य के क्षेत्र में तेजी से काम कर रही है। इस संबंध में सरकार आयुष्मान भारत, राष्ट्रीय टीबी उन्मूलन कार्यक्रम और प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान जैसी कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत 55 करोड़ से अधिक लाभार्थियों को हर साल 5 लाख रुपये प्रति परिवार का स्वास्थ्य बीमा कराया जा रहा है। इस योजना के तहत अब तक 40 करोड़ आयुष्मान कार्ड जारी हो चुके हैं।





