देहरादून, (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पिथौरागढ़ दौरे में आदि कैलाश यात्रा से पूरे विश्व को भक्ति और शक्ति का संदेश दिया। प्रधानमंत्री ने कहा कि आदि कैलाश के दर्शन कर उनका मन प्रसन्न और जीवन धन्य हो गया। मुख्यमंत्री धामी ने आदि कैलाश पहुंचने पर प्रधानमंत्री का स्वागत किया।
आदि कैलाश की यात्रा करने वाले नरेन्द्र मोदी देश के पहले प्रधानमंत्री हैं। प्रधानमंत्री के आगमन पर स्थानीय लोगों में जबरदस्त उत्साह दिखा। प्रधानमंत्री के भ्रमण से केदारनाथ की तरह अब आदि कैलाश क्षेत्र में भी आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
प्रधानमंत्री मोदी आज सुबह 12 अक्टूबर को भारत की आध्यात्मिक भूमि आदि कैलाश पहुंचे। यहां शिव मंदिर में पूजा करते हुए प्रधानमंत्री ने आदि कैलाश के विराट दर्शन किए और देश की सुख, समृद्धि एवं खुशहाली के लिए प्रार्थना की। शिव धाम आदि कैलाश आगमन पर प्रधानमंत्री मोदी का जोरदार स्वागत हुआ। इस दौरान उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद रहे।





